
नई दिल्ली: असम पुलिस विभाग (Assam Police Department) में दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों के बीच विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कोकराझार में एक निजी नाइट पार्टी के दौरान राज्य के दो बड़े पुलिस अधिकारी आपस में भिड़ गए. बताया जा रहा कि दोनों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कहासुनी से आगे बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
SSP और DIG के बीच हुई झड़प
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोकराझार में आयोजित एक नाइट पार्टी के दौरान हुई. यहां SSP अक्षत गर्ग और DIG वाईटी ग्यात्सो के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. शुरुआत में दोनों अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला काफी बढ़ गया. आरोप है कि दोनों के बीच हाथापाई भी हुई. 2 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के इस तरह आपस में उलझने की घटना ने पुलिस विभाग के अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों अधिकारियों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था?
मामला शांत कराने में जुटा DGP कार्यालय
घटना की जानकारी पुलिस मुख्यालय तक पहुंचते ही अधिकारियों में हलचल मच गई. मामला दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है. बताया जा रहा कि दोनों अधिकारियों के बीच विवाद को खत्म कराने और आपसी सुलह कराने के लिए DGP कार्यालय की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजा गया है. अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराएं. पुलिस मुख्यालय की कोशिश है कि इस विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सके और विभाग की कार्यप्रणाली पर इसका असर न पड़े.
विवाद की असली वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल दोनों अधिकारियों के बीच झड़प की असली वजह सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद किसी पुराने मतभेद का नतीजा था या फिर किसी तत्कालिक बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. हालांकि इस घटना ने असम पुलिस महकमे में चर्चा तेज कर दी है. जिन अधिकारियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसकर्मियों में अनुशासन कायम रखने की जिम्मेदारी है, उन्हीं के बीच इस तरह का विवाद सामने आना विभाग के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved