
वाशिंगटन। चीन की दिग्गज टेक कंपनी (Chinese Tech Giant)- Huawei को अमेरिका (America) में बड़ा झटका लगा है. अमेरिकी अदालत की जूरी ने कंपनी को टेक्नोलॉजी से जुड़े सीक्रेट चुराने की साजिश और बैंकों के साथ धोखाधड़ी (Fraud) करने का दोषी पाया है. हालांकि, कंपनी को सबसे गंभीर आरोप यानी आपराधिक साजिश के मामले में राहत मिल गई है. जूरी ने इस आरोप में Huawei को बरी कर दिया है।
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन की फेडरल कोर्ट (Federal Court) में चले इस मामले में Huawei पर कुल 12 आरोप लगाए गए थे. इनमें से कंपनी को 10 आरोपों में दोषी ठहराया गया है. अब कंपनी को सितंबर 2027 में सजा सुनाई जा सकती है. इस दौरान उस पर अरबों डॉलर का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
अमेरिका ने लगाए थे टेक्नोलॉजी चुराने के आरोप
अमेरिकी प्रॉसिक्यूटर का आरोप था कि Huawei ने अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए दूसरी कंपनियों की टेक्नोलॉजी और ट्रेड सीक्रेट चुराए. आरोपों के मुताबिक, कंपनी ने Cisco Systems, Motorola Solutions, T-Mobile, Fujitsu और Quintel USA जैसी कंपनियों की तकनीक हासिल करने की कोशिश की थी।
अमेरिकी जांच में कुछ अजीब घटनाओं का भी जिक्र किया गया. एक मामले में Huawei के कर्मचारी पर दूसरी कंपनी के ट्रेड शो बूथ में जाकर नेटवर्किंग डिवाइस के सर्किट की तस्वीरें लेने का आरोप लगा. वहीं, एक दूसरे मामले में कंपनी के कर्मचारी पर राइवल कंपनी की लैब से रोबोटिक आर्म हटाकर उसकी तस्वीरें लेने और मापने का आरोप लगाया गया।
अमेरिका का यह भी कहना था कि Huawei ने ईरान और उत्तर कोरिया जैसे प्रतिबंधित देशों में कारोबार किया और अपने कामकाज को छिपाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों और बैंकों से गलत जानकारी साझा की।
Huawei ने आरोपों को बताया गलत
कंपनी के वकील ब्रायन हेबरलिग ने कहा कि अमेरिकी जांच एजेंसियों ने कुछ कर्मचारियों की गलतियों को पूरे संगठन की साजिश के तौर पर पेश किया. उन्होंने कहा कि जूरी का कुछ गंभीर आरोपों में कंपनी को बरी करना सरकार के दावों को बड़ा झटका है।
Huawei ने कहा कि वह हमेशा बिजनेस में ईमानदारी, बौद्धिक संपदा के सम्मान और नियमों का पालन करने में विश्वास रखती है. कंपनी ने यह भी साफ किया कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी।
अमेरिका के प्रतिबंधों के बावजूद बढ़ा कारोबार
Huawei पर अमेरिका ने साल 2019 में आपराधिक आरोप लगाए थे. सुरक्षा चिंताओं के चलते कंपनी लंबे समय से अमेरिकी टेलीकॉम कंपनियों को अपना नेटवर्किंग उपकरण नहीं बेच सकती. ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों ने भी कंपनी पर प्रतिबंध लगाए हैं।
इसके बावजूद Huawei का ग्लोबल कारोबार जारी है. कंपनी स्मार्टफोन और टेलीकॉम उपकरणों के अलावा अब चिप बनाने के कारोबार में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. AI की बढ़ती मांग के बीच Huawei चीन में Nvidia जैसी कंपनियों के चिप्स के विकल्प के तौर पर भी अपनी जगह बना रही है।
इस मामले में कंपनी की CFO मेंग वानझोउ का नाम भी सामने आया था. उन्हें 2018 में कनाडा में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, 2021 में अमेरिका ने उनके खिलाफ मामला खत्म कर दिया और वह चीन लौट गईं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved