
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर(Jammu and Kashmir) में उरी और पुलवामा (Pulwama)जैसी आतंकी वारदात (terror incident)को अंजाम देने की साजिश का सुरक्षा एजेंसियों (security agencies)ने खुलासा किया है। इस मामले में जम्मू-कश्मीर के वांटेड संदिग्ध आतंकी उजैद (Jammu and Kashmir’s wanted suspected terrorist Uzaid)को मेरठ की SWAT टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि उजैद और उसके साथी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे। उन्हें किशोरों को आत्मघाती हमलों के लिए तैयार करने और आतंकी मॉड्यूल में शामिल करने का काम सौंपा गया था। आरोप है कि यह नेटवर्क जम्मू-कश्मीर में सेना के कैंप और सैन्य काफिले को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।
मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेसवार्ता में उजैद की गिरफ्तारी की जानकारी दी। आरोपी मेरठ के बनियापाड़ा इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मॉड्यूल का खुलासा किया था। उस दौरान साजिद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उजैद इसी मामले में वांटेड था और करीब दस महीने से फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक उजैद और साजिद समेत कुछ युवक सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर और आईएसआई से जुड़े लोगों के संपर्क में आए थे। आरोप है कि इन युवकों को किशोरों को बरगलाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की जिम्मेदारी दी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि उजैद पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों के कुछ लोगों से प्रभावित था। वह मौलाना मसूद अजहर और अन्य पाकिस्तानी आतंकियों के वीडियो देखता था। इन्हीं वीडियो पर सोशल मीडिया में टिप्पणी करने के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर की नजर उस पर पड़ी और फिर उससे संपर्क बढ़ाया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपियों को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अलावा सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप पर बने समूहों के माध्यम से जोड़ा गया था। ट्यूशन-40 और ब्रिगेड नाम से ग्रुप बनाए गए थे। पुलिस के मुताबिक इन समूहों में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से जुड़े कई संदिग्ध लोग भी शामिल थे। इनमें अमीर हमजा अबू मुसाब फुरकान और कामरान जैसे नाम सामने आए हैं। एजेंसियां अब इन लोगों की भूमिका और नेटवर्क के विस्तार की जांच कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की बातचीत में सेना के चेकपोस्ट पर आत्मघाती हमला करने की योजना का जिक्र मिला है। एक बातचीत में साजिद ने कथित तौर पर बम से भरी जैकेट पहनकर आर्मी चेकपोस्ट उड़ाने की बात कही थी। उसने हमले को लेकर अपनी प्रतिबद्धता भी जताई थी। जब दूसरे साथी ने जैकेट की उपलब्धता के बारे में पूछा तो पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर ने कथित तौर पर इसे घर पर ही तैयार करने की बात कही। इन बातचीत से जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े हमले की तैयारी में जुटे थे।
पुलिस के अनुसार उजैद पाकिस्तान में ट्रेनिंग लेने के लिए गुरेज घाटी के रास्ते जाने की योजना बना रहा था। आरोप है कि वह वहां से विस्फोटक जैकेट हासिल करने और आत्मघाती हमले से जुड़ा प्रशिक्षण लेने की तैयारी में था। हालांकि इस योजना को लेकर जांच अभी जारी है और एजेंसियां उसके संपर्कों तथा संभावित मददगारों की जानकारी जुटा रही हैं।
इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि जांच में महिलाओं को आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिशों का भी उल्लेख हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक जैश-ए-मोहम्मद ने जमात-उल-मोमिनात नाम से महिला विंग बनाया है। आरोप है कि इसके जरिए भारत में महिलाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए जोड़ने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया के जरिए युवाओं और महिलाओं को निशाना बनाने वाले ऐसे नेटवर्क पर नजर रख रही हैं। उजैद की गिरफ्तारी को इसी नेटवर्क की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved