img-fluid

18 साल बाद भी नहीं मिली आतंकी कसाब के वकीलों को फीस, भुगतान का कर रहे अब भी इंतजार

November 25, 2026

मुंबई। मुंबई के 26/11 आतंकवादी हमलों के 18 साल हो गए हैं। इसके बाद भी पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब का बचाव करने वाले दो वकील अब तक अपनी बकाया फीस मिलने का इंतजार कर रहे हैं। दोनों वकीलों का कहना है कि उन्हें इस मामले के लिए अपने दूसरे मुकदमों को भी छोड़ना पड़ा था। अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा नियुक्त किए जाने के बाद नौ महीने तक बंबई उच्च न्यायालय में कसाब का बचाव किया था।

दोनों वकीलों को हाई कोर्ट ने नामित किया था और आठ जून, 2010 को महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MSLSA) ने एक अधिसूचना जारी कर उन्हें नियुक्त किया था। उन्हें निचली अदालत द्वारा कसाब को सुनाई गई मौत की सजा के खिलाफ उसकी अपील में बचाव पक्ष का प्रतिनिधित्व करना था। तत्कालीन सचिव ए के सोनावणे के हस्ताक्षर वाली अधिसूचना के अनुसार, सोलकर को विशेष लोक अभियोजक के बराबर फीस दी जानी थी, जबकि शाह को मौत की सजा की पुष्टि से जुड़े मामले की सुनवाई करने वाले अतिरिक्त लोक अभियोजक के बराबर पारिश्रमिक मिलना था।


  • आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह राशि प्रतिदिन 1,500 से 2,000 रुपये के बीच थी। हालांकि, हाई कोर्ट में कार्यवाही समाप्त हुए 15 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों वकीलों का कहना है कि उन्हें अब तक उनकी बकाया फीस नहीं मिली है। सोलकर ने कहा, ”कसाब की पैरवी करने के लिए हमें अब तक फीस नहीं मिली है। मैं महाराष्ट्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से बार-बार पत्राचार कर रहा हूं, लेकिन इस दिशा में कोई सकारात्मक प्रगति होती दिखाई नहीं दे रही है।”

    दोनों वकीलों के अनुसार, जब भी वे MSLSA के समक्ष यह मामला उठाते हैं, तो उनसे विस्तृत बिल और ज्ञापन जमा करने को कहा जाता है। इनमें यह बताना होता है कि वे आरोपी की ओर से अदालत में कितनी तारीखों पर और कितने घंटे उपस्थित रहे। वकीलों ने इतने सालों बाद इस मांग को ”अनुचित” बताया। उनका कहना है कि एक दशक से भी अधिक समय बीत जाने के बाद किसी से अदालत में बिताए गए रोजाना के घंटों का इतना विस्तृत रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की उम्मीद नहीं की जा सकती।

    अजमल कसाब को 21 नवंबर, 2012 को पुणे की येरवडा केंद्रीय जेल में फांसी दी गई थी। सोलकर ने कहा कि उनकी नियुक्ति संबंधी पत्रों में स्पष्ट रूप से उनकी फीस अभियोजन पक्ष के वकीलों के वेतनमान के बराबर तय की गई थी। उन्होंने सवाल किया, ”सरकार को उसी वेतनमान का इस्तेमाल करके हमारी बकाया फीस चुकाने से कौन रोक रहा है?” शाह ने भी इसी चिंता को दोहराते हुए सवाल किया कि जब सरकार की अधिसूचना और हाई कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश के आदेश में उनकी फीस का ढांचा स्पष्ट रूप से तय किया गया था, तो फिर विस्तृत मदवार ज्ञापन जमा करने पर जोर क्यों दिया जा रहा है। शाह ने कहा, ”हमने 9 महीने तक इस मामले की पैरवी के लिए अपना पूरा दिन दिया। हमें अपने दूसरे सभी मुकदमों को पीछे रखना पड़ा, ताकि इस मामले की सुनवाई में कोई बाधा न आए।”

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved