
चंडीगढ़ । कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा (Congress MP Kumari Sailja) ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार (BJP Government in Haryana) खिलाड़ियों की उपेक्षा कर रही है (Is neglecting Players) ।
सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में खिलाड़ियों को समय पर पुरस्कार राशि, खेल किट और यात्रा भत्ता नहीं मिलने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार खिलाड़ियों के सम्मान में बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो करती है, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू करने में गंभीरता नहीं दिखाती। केवल घोषणाओं से खिलाड़ियों का सम्मान नहीं होता, इसके लिए उन्हें समय पर उनका हक देना जरूरी है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि रोहतक में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय स्कूली योग एवं हॉकी प्रतियोगिताओं के डेढ़ माह बाद भी 72 पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि नहीं मिली है। वहीं, करीब 840 खिलाड़ियों का यात्रा एवं दैनिक भत्ता अटका हुआ है तथा 620 खिलाड़ी अभी तक खेल किट का इंतजार कर रहे हैं। प्रतियोगिता से पहले मिलने वाली खेल किट के लिए अब टेंडर प्रक्रिया अपनाया जाना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा के अनेक खिलाड़ी अपने व्यक्तिगत प्रयासों, अभिभावकों की मेहनत और सीमित संसाधनों के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाते हैं। अनेक गांवों में ग्रामीण और ग्राम पंचायतें मिलकर खिलाड़ियों की तैयारी में आर्थिक एवं अन्य सहयोग करती हैं। इसके बावजूद सरकार पदक जीतने के बाद घोषित पुरस्कार राशि भी समय पर उपलब्ध नहीं करवा पाती।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के अनेक खेल मैदानों और स्टेडियमों में गुणवत्तापूर्ण खेल उपकरण, प्रशिक्षक तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सरकार को खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए जमीनी स्तर पर निवेश करना चाहिए। सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि खिलाड़ियों की लंबित पुरस्कार राशि और भत्तों का तत्काल भुगतान किया जाए, खेल किट उपलब्ध करवाई जाए तथा प्रदेशभर के खेल मैदानों की स्थिति की समीक्षा कर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved