
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने कहा कि भारत का संविधान देश की आत्मा है (Constitution of India is Soul of the Nation) और हम इसकी रक्षा करेंगे (We will Protect It) ।
राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुभकामनाएं दी हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हम हर हाल में संविधान की रक्षा करेंगे और हर भारतीय के अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, देश की आत्मा है। ये हर नागरिक की गरिमा का कवच है, हर आवाज की ताकत है, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे का रक्षक है। यही हमारे लोकतंत्र की नींव है और अन्याय के खिलाफ हमारा सबसे बड़ा हथियार।” उन्होंने पोस्ट में लिखा, “संविधान दिवस पर संकल्प दोहराता हूं, हम हर हाल में इसकी रक्षा करेंगे, और हर भारतीय के अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे। जय संविधान, जय हिंद।” वहीं, राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे इस मार्च में शामिल होंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के शब्दों ‘राजनीतिक लोकतंत्र तब तक टिक नहीं सकता, जब तक उसके आधार में सामाजिक लोकतंत्र न हो।’ को दोहराया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू, बाबासाहेब अंबेडकर सहित उन सभी महान राष्ट्रनायकों को नमन, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी।” खड़गे ने आगे लिखा, “आज संविधान के मूल आदर्शों – न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद की रक्षा करना हमारी सबसे बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। आइए, हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखने का पुनः संकल्प लें। जय हिंद। जय संविधान।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved