
नई दिल्ली: भारतीय सेना अपने शक्तिशाली T-90 भीष्म मेन बैटल टैंकों को और आधुनिक बनाने की तैयारी कर रही है. इन टैंकों में नए फायर कंट्रोल सिस्टम और गन कंट्रोल सिस्टम लगाए जाएंगे, जिससे टैंक की निशाना लगाने की क्षमता, सटीकता और ऑपरेशन के दौरान प्रदर्शन बेहतर हो सकेगा. सेना की तैयारी को मजबूत करने के लिए मध्य प्रदेश के जबलपुर में नई मरम्मत सुविधा भी विकसित हो रही है.
इस अपग्रेड के तहत टैंकों में आधुनिक थर्मल इमेजिंग साइट, लेजर रेंजफाइंडर, डिजिटल बैलिस्टिक कंप्यूटर और ऑटोमैटिक टारगेट ट्रैकिंग जैसी तकनीकें शामिल करने की योजना है. इससे टैंक चालक दल को दिन और रात, दोनों परिस्थितियों में लक्ष्य को पहचानने और उस पर नजर बनाए रखने में मदद मिलेगी. जबकि इंजन को 1,350 हॉर्सपावर तक अपग्रेड करने की भी योजना है.
नए फायर कंट्रोल सिस्टम के जरिए टैंक की लक्ष्य पहचानने और निशाना लगाने की क्षमता बेहतर होगी. थर्मल इमेजिंग तकनीक की मदद से कम रोशनी और रात के समय भी लक्ष्य को देखा जा सकेगा. वहीं, डिजिटल सिस्टम टैंक के फायरिंग से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों को प्रोसेस करने में मदद करेंगे.
टैंक के गन कंट्रोल सिस्टम को भी आधुनिक बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य मुख्य तोप और टरेट की मूवमेंट को अधिक सटीक और नियंत्रित बनाना है. ऊबड़-खाबड़ रास्तों और कठिन इलाकों में चलते समय तोप को स्थिर रखने में स्टेबिलाइजेशन सिस्टम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
अपग्रेड किए जाने वाले सिस्टम की क्षमता जांचने के लिए एक T-90 टैंक पर विशेष इंस्ट्रूमेंटेड ट्रायल किया जाएगा. इस दौरान अलग-अलग सेंसर और डेटा रिकॉर्डिंग सिस्टम के जरिए टैंक के प्रदर्शन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां जुटाई जाएंगी. परीक्षण के बाद सिस्टम की क्षमता और उसकी उपयोगिता का आकलन किया जाएगा.
T-90 भीष्म टैंकों की ताकत बढ़ाने के लिए इंजन अपग्रेड पर भी काम किया जा रहा है. मौजूदा टैंकों में लगभग 1,000 हॉर्सपावर का इंजन है, जबकि भविष्य में 1,350 हॉर्सपावर क्षमता वाले इंजन की योजना है. इससे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई वाले इलाकों में टैंकों की क्षमता बेहतर करने में मदद मिल सकती है.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में T-72 और T-90 टैंकों के रखरखाव और ओवरहॉल के लिए करीब 472 करोड़ रुपये की लागत से नई सुविधा विकसित की जा रही है. इस सुविधा में हर साल लगभग 80 टैंकों की मरम्मत और ओवरहॉल करने की क्षमता होगी. इसके अप्रैल 2028 तक पूरी क्षमता से काम शुरू करने का अनुमान है.
T-90 भीष्म के इन आधुनिकीकरण कार्यक्रमों का उद्देश्य भारतीय सेना के मौजूदा टैंक बेड़े को अधिक आधुनिक, सक्षम और युद्ध के लिए तैयार बनाए रखना है, ताकि भविष्य के नए कॉम्बैट व्हीकल सेना में शामिल होने तक मौजूदा टैंकों की क्षमता मजबूत बनी रहे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved