
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) रविवार, 29 नवंबर को राजधानी दिल्ली में बड़े स्तर पर ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम (Rashtra Vandanam Program) आयोजित करने जा रहा है। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन में संघ प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) के साथ सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर भी शामिल होंगे। उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
यह आयोजन संघ की दिल्ली इकाई की ओर से किया जा रहा है। इसके जरिए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश दिया जाएगा। साथ ही संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी कार्यक्रम में विशेष आयोजन होंगे।
मोहन भागवत और पूर्व CJI करेंगे संबोधन
संघ प्रमुख मोहन भागवत और पूर्व सीजेआई जस्टिस जगदीश सिंह खेहर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी नरेंद्र ठाकुर ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जस्टिस खेहर को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
नरेंद्र ठाकुर के मुताबिक, कार्यक्रम में राजनीति, उद्योग जगत सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों को भी बुलाया गया है। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 85 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों और करीब 75 हजार अन्य लोगों ने इसमें शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है।
राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता पर रहेगा जोर
‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से अनुशासन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी परंपराओं और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved