चेन्नई। तमिलनाडु में जिला कलेक्टर को कथित तौर पर अश्लील संदेश (Obscene message) भेजने के मामले में अभिनेता से नेता बने विजय थलपति (Vijay Thalapathy) की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया। कलेक्टर की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच पहले से चल रही थी। इस बीच मद्रास हाईकोर्ट ने जांच की निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया था।
पुलिस के मुताबिक, विधायक अरुल विग्नेश को शुक्रवार शाम टी. रामासामी नगर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। कल्लाकुरिची जिला कलेक्टर ने 23 नवंबर को जिला पुलिस अधीक्षक आई. शनाज के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद महिला पुलिस थाने की ओर से 25 नवंबर को विधायक को समन जारी किया गया था।
विधायक के खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून की धारा 4 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 78 (पीछा करना) और 132 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हाईकोर्ट ने जांच की निगरानी के दिए निर्देश
मामले की जांच को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मद्रास हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को किसी भी आरोपी को बचाने की कोशिश नहीं करने की चेतावनी दी थी। अदालत ने जांच की निगरानी किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराने का निर्देश दिया था।
इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) एन. कामिनी को जांच की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
60 दिनों में जांच पूरी करने का निर्देश
यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए राज्य सरकार ने आंतरिक शिकायत समिति का भी गठन किया है। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ आईएएस अधिकारी काकरला उषा कर रही हैं। वह पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और वन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं।
समिति को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) कानून, 2013 के प्रावधानों के तहत 60 दिनों के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने कलेक्टर की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पहले की गई शिकायतों की भी जांच करने की मांग की है।
विधायक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
विधायक अरुल विग्नेश ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें फर्जी खबर और बेबुनियाद बताया है। वहीं, तमिलनाडु के ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री सी. टी. आर. निर्मल कुमार ने इन आरोपों को विपक्षी डीएमके और उसकी सांसद कनिमोझी करुणानिधि की ओर से TVK सरकार के खिलाफ चलाया जा रहा नैरेटिव बताया।
दूसरी ओर, डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत में सरकार ने विधायक को बचाने और जिला कलेक्टर की शिकायत को खारिज करने की कोशिश की।
स्टालिन के मुताबिक, मंत्रियों से लेकर गठबंधन के नेताओं तक ने विधायक के समर्थन में बयान दिए। इसके बावजूद कलेक्टर ने दबाव के बीच साहस दिखाते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि मद्रास हाईकोर्ट की कड़ी टिप्पणियों और राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद विधायक की गिरफ्तारी हुई। डीएमके ने मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved