
नई दिल्ली। भारत के गोल्ड रिजर्व (India’s gold reserves)को लेकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (Reserve Bank of India)यानी RBI ने एक बड़ा कदम उठाया है। विदेशों में सुरक्षित रखा गया भारत का करीब 60 टन सोना वापस देश में लाया (Brought the gold back into the country) गया है। यह सोना अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच विदेशों में मौजूद भंडार से भारत वापस पहुंचा है। RBI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक सितंबर 2026 के अंत तक भारत के पास कुल 880.52 मीट्रिक टन सोना था। इसमें से 740.13 टन सोना अब देश के भीतर सुरक्षित रखा गया है जबकि 140.39 टन सोना अभी भी बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स यानी BIS की सुरक्षित कस्टडी में है।
इस बदलाव की सबसे खास बात यह है कि भारत के कुल सोने के भंडार में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है बल्कि RBI ने विदेशों में रखे अपने ही सोने का एक बड़ा हिस्सा देश वापस मंगाया है। मार्च 2026 के अंत में RBI के पास 880.52 टन सोना था जिसमें करीब 680.05 टन भारत में रखा था। सितंबर तक घरेलू भंडारण बढ़कर 740.13 टन हो गया। यानी करीब 60.08 टन सोना विदेशों से वापस लाकर भारतीय तिजोरियों में रखा गया। इसके साथ ही देश में रखे सोने का हिस्सा करीब 77 प्रतिशत से बढ़कर 84 प्रतिशत हो गया।
अब सवाल उठता है कि भारत अपना सोना विदेशों में रखता ही क्यों था और इसे वापस लाने की जरूरत क्यों महसूस हुई। दरअसल दुनिया के बड़े केंद्रीय बैंक लंबे समय से अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने को एक महत्वपूर्ण संपत्ति के तौर पर रखते हैं। भारत का सोना भी लंबे समय से बैंक ऑफ इंग्लैंड और BIS जैसी संस्थाओं की सुरक्षित कस्टडी में रखा जाता रहा है। विदेश में सोना रखने का एक फायदा यह है कि वैश्विक वित्तीय व्यवस्था में इसका इस्तेमाल और प्रबंधन आसान रहता है। साथ ही अलग अलग स्थानों पर भंडार रखने से लोकेशन रिस्क को भी फैलाया जा सकता है।
हाल के वर्षों में RBI ने अपने सोने का बड़ा हिस्सा धीरे धीरे भारत वापस लाने की रणनीति अपनाई है। मार्च 2023 में भारत के कुल गोल्ड रिजर्व का करीब 38 प्रतिशत हिस्सा देश में रखा जाता था जबकि अब यह आंकड़ा 84 प्रतिशत के आसपास पहुंच चुका है। इससे साफ है कि RBI घरेलू स्तर पर सोने की सुरक्षित कस्टडी को प्राथमिकता दे रहा है।
भारत में वापस लाए गए सोने को हाई सिक्योरिटी वाले सरकारी वॉल्ट में सुरक्षित रखा जाता है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक RBI के घरेलू गोल्ड रिजर्व का बड़ा हिस्सा मुंबई और नागपुर स्थित सुरक्षित वॉल्ट में रखा जाता है। इन स्थानों पर सोने की सुरक्षा के लिए बेहद कड़े इंतजाम किए जाते हैं।
भारत के सोने का इतिहास आर्थिक संकट से भी जुड़ा रहा है। 1991 में देश गंभीर भुगतान संतुलन संकट से गुजर रहा था और विदेशी मुद्रा भंडार बेहद कम हो गया था। उस समय भारत को आपात विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए अपना सोना विदेश भेजकर कर्ज लेना पड़ा था। बाद में वह कर्ज चुका दिया गया लेकिन विदेश में सोना रखने की व्यवस्था लंबे समय तक जारी रही।
अब तस्वीर बदल रही है। RBI का फोकस विदेशों में रखे भारतीय सोने को धीरे धीरे देश वापस लाने पर है। सितंबर 2026 तक कुल 880.52 टन सोने में से 740.13 टन भारत में और 140.39 टन विदेशों में था। यानी भारत के गोल्ड रिजर्व का बड़ा हिस्सा अब देश की अपनी सुरक्षित तिजोरियों में मौजूद है। यह कदम रिजर्व मैनेजमेंट की रणनीति का हिस्सा है और इससे भारत के पास अपने भौतिक सोने पर घरेलू स्तर पर ज्यादा सीधा नियंत्रण भी रहता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved