नई दिल्ली। केंद्र सरकार देश में निर्वाचन क्षेत्रों के नए सिरे से परिसीमन (Delimitation Bill) की तैयारी में जुट गई है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र (Parliament Session) में सरकार ‘परिसीमन (द्वितीय) (Delimitation II) विधेयक, 2026’ और इससे संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है। केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद सार्वजनिक किए गए मसौदे में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि का प्रस्ताव है। इस कवायद का प्रमुख उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
प्रस्तावित विधेयक के पारित होने के बाद केंद्र सरकार तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग का गठन करेगी। यह आयोग देशभर में लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करेगा। आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के किसी मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपी जाएगी।
तीन सदस्यीय होगा परिसीमन आयोग
विधेयक के मसौदे के अनुसार, परिसीमन आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे। आयोग के निर्णय बहुमत के आधार पर लिए जाएंगे। इसका कार्यकाल केंद्र सरकार अधिसूचना के जरिए निर्धारित करेगी। जरूरत पड़ने पर आयोग के अनुरोध पर कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकेगा।
इसके अलावा प्रत्येक राज्य में लोकसभा अध्यक्ष पांच सांसदों और संबंधित विधानसभा अध्यक्ष पांच विधायकों को सहयोगी सदस्य के रूप में नामित करेंगे। इन सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं होगा, लेकिन उनकी असहमति को सार्वजनिक किया जा सकेगा। आयोग जरूरत के अनुसार भारत के जनगणना आयुक्त, महासर्वेक्षक और नक्शा विशेषज्ञों की सहायता भी ले सकेगा।
लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंचने का प्रस्ताव
मसौदा विधेयक में प्रत्येक राज्य की लोकसभा सीटों और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसके लागू होने पर लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़कर 850 तक हो सकती है।
निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सीमाओं और संचार सुविधाओं को ध्यान में रखा जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह एक ही लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आए। जिन राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में फिलहाल केवल एक लोकसभा सीट है, वहां एक ही निर्वाचन क्षेत्र बना रहेगा।
महिलाओं और एससी-एसटी के लिए आरक्षण का निर्धारण
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन आयोग ही तय करेगा कि किस राज्य में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और महिलाओं के लिए कितनी सीटें आरक्षित होंगी। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों में आयोग के निर्णय के अनुसार बदलाव और रोटेशन किया जाएगा। वहीं, एससी और एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन संबंधित आरक्षित श्रेणी की सीटों के बीच ही होगा।
एससी के लिए सीटों का निर्धारण उन क्षेत्रों में उनकी आबादी के अनुपात को ध्यान में रखकर किया जाएगा, जहां उनकी जनसंख्या अपेक्षाकृत अधिक है। एसटी के लिए आरक्षित सीटें उन क्षेत्रों में तय होंगी, जहां उनकी आबादी का प्रतिशत सबसे अधिक है।
सिविल कोर्ट जैसी शक्तियां मिलेंगी
विधेयक में परिसीमन आयोग को सिविल कोर्ट जैसी शक्तियां देने का प्रावधान है। इसके तहत आयोग गवाहों को समन भेज सकेगा और दस्तावेजों तथा सार्वजनिक अभिलेखों को तलब कर सकेगा।
अंतिम आदेश जारी करने से पहले आयोग प्रत्येक राज्य में परिसीमन के मसौदा प्रस्ताव प्रकाशित करेगा और जनसुनवाई भी करेगा। आयोग के अंतिम आदेशों को कानूनी मान्यता प्राप्त होगी और उन्हें अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। चुनाव आयोग को बाद में केवल लिपिकीय त्रुटियां सुधारने का अधिकार होगा। वह निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव नहीं कर सकेगा।
जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान
विधेयक में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के भारत के नियंत्रण में आने की स्थिति में वहां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण करने के लिए भारत का निर्वाचन आयोग ही परिसीमन आयोग के रूप में कार्य करेगा।
अधिकारी के अनुसार, विधेयकों के पारित होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि संविधान संशोधन विधेयक को आवश्यक राज्यों का अनुमोदन भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत मिल जाए, ताकि 2029 के आम चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved