नई दिल्ली। संसद के सोमवार से शुरू होने वाले विशेष सत्र (Special Session) से पहले पश्चिम बंगाल (West Bengal) की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी (West Bengal) शनिवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गईं। बताया जा रहा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें तत्काल दिल्ली पहुंचने का संदेश भेजा था। विशेष सत्र में सरकार की ओर से महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाला संविधान संशोधन विधेयक दोबारा पेश किए जाने की अटकलें हैं। ऐसे में विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
दिल्ली रवाना होने से पहले अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने बताया कि उन्हें विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के कई संदेश मिले थे। नेताओं ने उनसे जल्द से जल्द राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा, “आज दोपहर तीन बजे मुझे एक संदेश मिला। यह बहुत जरूरी था। इसलिए बंगाल में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगातार हो रहे हमलों के बावजूद कोलकाता में रुकने का अपना फैसला बदलकर मुझे दिल्ली जाना पड़ रहा है।”
ममता बनर्जी का अचानक दिल्ली पहुंचना विपक्षी खेमे में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच अहम माना जा रहा है। परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी एकजुटता की चुनौती भी बढ़ती दिखाई दे रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को समर्थन देने का फैसला किया है। वहीं, भाजपा की पारंपरिक विरोधी मानी जाने वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) ने भी परिसीमन विधेयक के समर्थन की घोषणा की है। इससे विपक्ष की रणनीति को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
रविवार को होगी ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक
‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की रविवार को दिल्ली में बैठक प्रस्तावित है। इसमें मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले विधायी प्रस्तावों पर चर्चा कर विपक्ष की रणनीति तय की जाएगी। ममता बनर्जी के भी इस बैठक में शामिल होने की संभावना है।
बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर बनर्जी ने कहा, “जब तक मुझे इस बैठक के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक मैं इस पर कोई और टिप्पणी नहीं कर पाऊंगी।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved