img-fluid

‘परिसीमन एक फ्रॉड’, मोदी सरकार की तैयारियों के बीच ध्रुव राठी ने उठाए सवाल, प्रशांत किशोर ने भी जताई आशंका

November 29, 2026

नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार परिसीमन (Delimitation) की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटी है। इस बीच यूट्यूबर ध्रुव राठी (YouTuber Dhruv Rathee) ने परिसीमन को ‘फ्रॉड’ (Fraud) करार देते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया कि परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव कर भाजपा को चुनावी फायदा पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने हरियाणा का उदाहरण भी दिया है।

हरियाणा का उदाहरण देकर समझाया गणित

ध्रुव राठी ने अपनी पोस्ट में 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हरियाणा में इंडिया गठबंधन को 47.61 प्रतिशत, जबकि भाजपा को 46.1 प्रतिशत वोट मिले थे। इसके बावजूद दोनों दलों ने पांच-पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी।

राठी ने आशंका जताई कि परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह निर्धारित की जा सकती हैं, जिससे भाजपा को लाभ मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि अंबाला और हिसार जैसे विपक्षी प्रभाव वाले इलाकों को तोड़कर करनाल जैसे भाजपा के मजबूत क्षेत्रों के साथ जोड़ा जा सकता है। इसी तरह रोहतक और सोनीपत जैसे विपक्षी गढ़ों का पुनर्गठन कर विपक्षी मतों को कुछ चुनिंदा सीटों तक सीमित किया जा सकता है।

उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में लगभग समान मत प्रतिशत के बावजूद भाजपा आठ सीटें जीत सकती है, जबकि कांग्रेस की सीटें घटकर दो रह सकती हैं। हालांकि, राठी का यह दावा एक संभावित चुनावी परिदृश्य पर आधारित है, न कि परिसीमन की किसी घोषित योजना पर।



  • प्रशांत किशोर ने भी सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

    इधर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी शनिवार को परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के जरिए भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा सकती है।

    प्रशांत किशोर ने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत परिसीमन आवश्यक हो सकता है, लेकिन इसके पीछे सरकार की मंशा को लेकर लोगों के मन में संशय और विरोध है। बांकीपुर के विधायक के रूप में भी उन्होंने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के नाम पर भाजपा को फायदा पहुंचाने की आशंका लोगों में बनी हुई है।

    लोकसभा में 850 सीटें करने का प्रस्ताव

    गौरतलब है कि संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसके तहत राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। इसके अलावा राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव किया गया है।

    केंद्र सरकार का प्रस्ताव महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया से भी जुड़ा है। विधेयक के तहत लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसी वजह से परिसीमन की प्रक्रिया और निर्वाचन क्षेत्रों के संभावित पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved