
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर की बधाई दी और कहा कि मैदान पर हुई लड़ाई के बावजूद धोनी के लिए उनके दिल में बहुत ज्यादा सम्मान है।” धोनी ने शनिवार की शाम अचानक संन्यास की घोषणा कर सभी को चौंका दिया।
ली ने ट्वीट किया, “शानदार करियर के लिए महेंद्र सिंह धोनी को बधाई। मैदान पर हमारी लड़ाई जरूर हुई, लेकिन मेरे दिल मे आपके लिए हमेशा सम्मान रहा है।”
धोनी की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में वर्ष 2007 में आयोजित टी20 विश्व कप के पहले संस्करण का खिताब जीता था। इसके बाद धोनी के नेतृत्व में भारत ने 2011 में 28 साल बाद एकदिनी विश्व कप का खिताब जीता।
वहीं, वर्ष 2013 में भारत धोनी की कप्तानी में इंग्लैंड में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का भी खिताब जीता। इसी के साथ धोनी तीनों आईसीसी खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बने।
विकेट के पीछे सबसे तेज, धोनी के पास 195 अंतरराष्ट्रीय स्टंपिंग हैं, जो किसी भी विकेट कीपर द्वारा सबसे अधिक स्टम्पिंग है। धोनी ने 350 एकदिवसीय मैच खेले हैं, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ 183 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है।
दिसंबर 2014 में, धोनी ने टेस्ट से संन्यास की घोषणा की और रिद्धिमान साहा को आगे आने का मौका दिया। धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 90 टेस्ट खेले हैं और 38.09 के औसत से 4,876 रन बनाए हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved