
इंदौर। इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिलाबदर के आदेश का उल्लंघन कर इलाके में खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए घूम रहे एक शातिर और कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की घेराबंदी देखकर भागने की कोशिश में आरोपी असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह घायल हो गया। पकड़ा गया बदमाश पूर्व में मारपीट, लूट, अड़ीबाजी और एनडीपीएस जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल रहा है और पुलिस कमिश्नर द्वारा उसे 3 महीने के लिए इंदौर जिले की सीमाओं से बाहर जिलाबदर किया गया था। खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और जिलाबदर उल्लंघन का नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंदौर शहर में गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए खजराना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि पुलिस कमिश्नर के जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करते हुए क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश फैजल उर्फ कालू तंजीम नगर इलाके में अवैध रूप से घूम रहा है और हाथ में धारदार चाकू लहराकर दहशत फैला रहा है।सूचना मिलते ही खजराना पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की।पुलिस टीम को सामने देखते ही शातिर आरोपी फैजल ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाहट में दौड़ते समय संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके पैर और शरीर में चोटें आईं।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद किया।जांच में सामने आया कि आरोपी फैजल इलाके का आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ मारपीट, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट के 9 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved