
सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पेंच टाइगर रिजर्व के नजदीक खबासा-टूरिया मार्ग पर वन्यजीव प्रेमियों को एक रोमांचक और दुर्लभ नजारा देखने मिला. यहां प्रसिद्ध जुगनी बाघिन अपने चार शावकों के साथ सड़क पार करती नजर आई. इस पूरे दृश्य को मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जुगनी बाघिन अपने चारों शावकों के साथ बेहद सावधानी और सतर्कता के साथ सड़क पार कर रही है. पहले बाघिन सड़क का जायजा लेती है और फिर एक-एक कर शावकों को अपने साथ सड़क पार कराती है. कुछ देर के लिए सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार भी थम गई और राहगीरों ने सुरक्षित दूरी बनाकर इस अद्भुत दृश्य का आनंद लिया.
खबासा-टूरिया मार्ग पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र से होकर गुजरता है. यही वजह है कि इस मार्ग पर अक्सर बाघ, तेंदुआ, हिरण, जंगली कुत्ते और अन्य वन्यजीवों की गतिविधियां देखने को मिल जाती हैं. वन विभाग भी लगातार पर्यटकों और राहगीरों से अपील करता है कि वन्यजीव दिखाई देने पर वाहन न रोकें, उन्हें परेशान न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
विशेषज्ञों के अनुसार किसी बाघिन का अपने चार शावकों के साथ स्वस्थ और सक्रिय दिखाई देना क्षेत्र में बेहतर वन प्रबंधन और सुरक्षित प्राकृतिक आवास का संकेत माना जाता है. जुगनी बाघिन और उसके शावकों का यह वीडियो पेंच के समृद्ध जैव विविधता क्षेत्र की एक खूबसूरत झलक पेश कर रहा है.
फिलहाल जुगनी बाघिन और उसके चार शावकों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है और वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. पेंच टाइगर रिजर्व एक बार फिर अपने प्राकृतिक वैभव और वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर सुर्खियों में है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved