
तिरुमला: आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के प्रति भक्तों की गहरी आस्था है. श्रद्धालु अपनी कमाई और संपत्ति का कुछ हिस्सा भगवान को दान कर मन्नत पूरी होने पर आभार जताते हैं. इसी बीच एक अज्ञात भक्त की ओर से भगवान बालाजी को दी गई दान देशभर में चर्चा का विषय बन गई है. चेन्नई के एक एनआरआई बिजनेसमैन ने भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलोग्राम सोने से बने आभूषण दान किया है. इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 140 से 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के इतिहास में किसी एक भक्त की ओर से इतनी बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण दान किए जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है. खास बात यह है कि बिजनेसमैन ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की इच्छा जताई है.
इस दान में कुल 121 किलोग्राम सोने से 46 तरह के आभूषण तैयार कराए गए हैं. इनमें भगवान का मुकुट, भुजकीर्तियां, शंख-चक्र, वड्डाणम (कमरबंद) और अभय हस्त जैसे आभूषण शामिल हैं. इन सभी को नौ अलग-अलग सेट में तैयार किया गया है. बताया जा रहा है कि आभूषणों को बनाने में टीटीडी अधिकारियों के सुझाव और आगम शास्त्र के नियमों का विशेष ध्यान रखा गया. इन्हें तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा. सोने की मौजूदा कीमत के आधार पर इनकी कुल कीमत 140 से 150 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है.
यह दान चेन्नई के एक एनआरआई बिजनेसमैन ने दी है. उनका मानना है कि भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के आशीर्वाद से ही उनके कारोबार में तरक्की हुई है. इसी वजह से उन्होंने अपनी कंपनी के मुनाफे का कुछ हिस्सा भगवान को सोने के आभूषणों के रूप में समर्पित करने का फैसला किया. बिजनेसमैन अपनी इस दान का प्रचार नहीं चाहते. इसलिए उन्होंने अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध किया है. बताया जा रहा है कि उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से भी अपनी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने की अपील की है.
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 26 नवंबर को तिरुमला के दौरे पर जाएंगे. इसी दौरान उनकी मौजूदगी में अज्ञात भक्त की ओर से 121 किलोग्राम सोने के आभूषण टीटीडी अधिकारियों को सौंपे जाने की संभावना है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved