img-fluid

अनाथ शावकों की MP में अनोखी पाठशाला, ऐसे बनाया जाता है ‘जंगली’; 20 बाघों को मिला नया जीवन

July 28, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश ने अनाथ और मां से बिछड़े बाघ शावकों को बचाने के साथ उन्हें दोबारा जंगल में बसाने का एक खास रिवाइल्डिंग ‘जंगल में पुन: बसाने’ मॉडल विकसित किया है। इस प्रक्रिया में शावकों को केवल सुरक्षित रखने के बजाय प्राकृतिक परिस्थितियों में उन्हें इस तरह तैयार किया जाता है कि वे बड़े होने के बाद बिना इंसानी मदद के शिकार कर सकें और जंगल में स्वतंत्र जीवन जी सकें। प्रदेश में अब तक 20 से ज्यादा बाघ शावकों को प्रशिक्षण देने के बाद प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा चुका है।

प्रदेश के वन बल प्रमुख के मुताबिक, रिवाइल्डिंग के इस प्रयोग की सफलता यह है कि जिन इलाकों में एक समय बाघों की संख्या लगभग खत्म हो गई थी, वहां दोबारा बाघों की आबादी स्थापित करने में मदद मिली। पन्ना में बाघों की संख्या करीब 100 और नौरादेही में 25 से ज्यादा हो गई है।

पन्ना और नौरादेही ऐसे क्षेत्र रहे हैं, जहां एक समय बाघों की संख्या लगभग शून्य के करीब पहुंच गई थी। यहां अनाथ बाघिनों और शावकों के जोड़ों को उपयुक्त परिस्थितियों में छोड़ा गया। इसके बाद इन क्षेत्रों में बाघों की संख्या बढ़ाने में सफलता मिली। इस मॉडल का मकसद केवल बाघों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर छोड़ना नहीं है। असली लक्ष्य ऐसे बाघ तैयार करना है, जो नए जंगल में खुद शिकार कर सकें, इंसानों से दूरी बनाए रखें और अपना क्षेत्र बना सकें।

मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर के मुताबिक, अनाथ बाघ शावकों के पुनर्वास के लिए घोरेला क्षेत्र में वर्ष 2006 में विशेष बाड़ा बनाया गया था। यहां शावकों को जंगल जैसा माहौल दिया जाता है। पानी, प्राकृतिक वनस्पति, छिपने की जगह और चीतल जैसे शिकार की व्यवस्था है। घोरेला का अंदरूनी बाड़ा करीब 7 हेक्टेयर में फैला है। इसमें छोटा तालाब, करीब 300 मीटर लंबा नाला, खुले मैदान और साल, आम, महुआ, लेंडिया व तेंदू के पेड़-पौधे हैं। करीब 3.7 मीटर ऊंची फेंसिंग के साथ बाड़े को इस तरह तैयार किया गया है कि शावकों को बाहर की मानवीय गतिविधियां कम से कम दिखाई दें। चार वाच टावरों से बाघों की 24 घंटे निगरानी की जाती है। इससे वनकर्मियों को बार-बार उनके पास जाने की जरूरत नहीं पड़ती और इंसानों से दूरी बनी रहती है।


  • रिवाइल्डिंग की प्रक्रिया में शावक के रेस्क्यू के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति और उम्र का आकलन किया जाता है। शुरुआत में देखभाल और भोजन दिया जाता है, लेकिन इंसानों से संपर्क न्यूनतम रखा जाता है। इसके बाद प्राकृतिक बाड़े में शावक को छोटे शिकार का अभ्यास कराया जाता है। धीरे-धीरे उसे बड़े शिकार की ओर बढ़ाया जाता है। जब शावक खुद शिकार करने में सक्षम हो जाता है तो उसे चीतल जैसे प्राकृतिक शिकार के साथ बड़े बाड़े में रखा जाता है। अपने दम पर शिकार करना रिवाइल्डिंग की सबसे अहम कसौटी है।

    घोरेला और इस तरह की रिवाइल्डिंग प्रक्रिया से 20 से ज्यादा बाघ शावकों को प्रशिक्षण देकर जंगल में छोड़ा जा चुका है। घोरेला में वर्तमान में करीब 30 माह के दो नर और 19-20 माह की दो मादा बाघों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। घोरेला बाड़े के बनने के बाद पांच नर और तीन मादा बाघों को प्रशिक्षण देकर प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया, जबकि दो नर और एक मादा को दूसरे टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित किया गया।

    वन बल प्रमुख के मुताबिक, इस मॉडल की सफलता के बाद बांधवगढ़ और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में भी प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। कोशिश है कि ऐसे बाघों की संख्या कम हो जिन्हें प्रशिक्षण के बाद भी जंगल में छोड़ना संभव नहीं हो पाता। हर रेस्क्यू किए गए बाघ को जंगल में छोड़ना संभव नहीं होता। स्वास्थ्य, उम्र, प्राकृतिक व्यवहार, शिकार क्षमता और इंसानों से दूरी जैसे पहलुओं के आधार पर निर्णय लिया जाता है।

    रिवाइल्डिंग के बाद भी बाघ की निगरानी जारी रहती है। जरूरत के अनुसार रेडियो या सैटेलाइट कॉलर से उसकी लोकेशन और मूवमेंट पर नजर रखी जाती है। यह देखा जाता है कि वह शिकार कर पा रहा है या नहीं, अपना क्षेत्र बना रहा है या नहीं और इंसानी बस्तियों की ओर तो नहीं जा रहा। याद रहे, 2022 की गणना के अनुसार मध्य प्रदेश में बाघों की कुल संख्या 785 है और प्रदेश को टाइगर स्टेट यानी देश में सर्वाधिक बाघ वाले राज्य का दर्जा प्राप्त है।

    Share:

  • युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है सरकार - कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा

    Tue Jul 28 , 2026
    नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Congress MP Priyanka Gandhi Vadra) ने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज (Voices of Youth and Students) सरकार दबाने का काम कर रही है (Government is Suppressing) । लोकसभा में एंटी-पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved