
नई दिल्ली। केंद्र सरकार की E20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) नीति के विरोध में शनिवार से नया आंदोलन (Protest) शुरू होने जा रहा है। अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) राष्ट्रीय स्तर पर अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला (Tehseen Poonawalla) मौन मार्च निकालने के बाद भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
अभियान की शुरुआत से एक दिन पहले केजरीवाल ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि शनिवार को आयोजित होने वाले ‘E20 के खिलाफ नेशनल टाउनहॉल’ में देश की एक प्रमुख हस्ती भी शामिल होगी, जो लोगों की समस्याएं सुनेगी। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में प्रत्यक्ष या वर्चुअल माध्यम से जुड़ने की अपील भी की।
E20 नीति के खिलाफ विरोध की शुरुआत तहसीन पूनावाला ने 5 जुलाई को की थी। अब उन्होंने गांधी स्मृति तक मौन मार्च निकालने और उसके बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।
इससे पहले 27 जुलाई को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने अभियान की घोषणा करते हुए इसे हाल के छात्र आंदोलन से जोड़ते हुए कहा था कि जनता के दबाव के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने केंद्र सरकार से E20 नीति पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि कई वाहन मालिक माइलेज में कमी और तकनीकी दिक्कतों की शिकायत कर रहे हैं।
केजरीवाल के मुताबिक, यह कार्यक्रम शनिवार दोपहर 12 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, नई दिल्ली में आयोजित होगा। प्रतिभागियों से सुबह 11:30 बजे तक पहुंचने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
जो लोग दिल्ली से बाहर हैं, उनके लिए ऑनलाइन जुड़ने की भी व्यवस्था की गई है। पार्टी ने बताया कि इच्छुक लोग व्हाट्सएप के माध्यम से पंजीकरण कर कार्यक्रम का लिंक प्राप्त कर सकते हैं।
E20 नीति को लेकर कुछ विशेषज्ञों ने भी इसके क्रियान्वयन की गति और प्रभाव पर सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी के अलावा तहसीन पूनावाला की टीम और दिल्ली टैक्सी एंड ट्रांसपोर्ट ओनर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने भी इस नीति के विरोध में प्रदर्शन की घोषणा की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved