
रायसेन। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रायसेन जिले (Raisen District) के दशहरा मैदान में तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव, प्रदर्शनी और प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ एक मंच पर जुटे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि “किसान सिर्फ अन्न नहीं, बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था उगाता है।” उन्होंने कहा कि खेती से उद्योग और सेवाओं तक हर क्षेत्र जुड़ा है, इसलिए किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हो रही है।
उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव किसानों को आधुनिक तकनीकों से उन्नत खेती करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि किसान पराली जलाने के बजाए उसे खाद के रूप में उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का भी काम करें। उन्होंने कहा कि यह उत्सव खेती की लागत कम करने और किसानों की आमदनी बढ़ाने का समाधान भी प्रदान करेंगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगन के साथ प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं।
किसान वर्ष में खेती को उद्योग से भी जोड़ रहें: सीएम मोहन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “सीमा पर जवान और खेत में किसान दोनों का सम्मान बराबर है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। खेती-किसानी को उद्योग से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का तेजी से विस्तार हो रहा है और सरकार किसानों को हर संभव सहायता दे रही है।
महोत्सव की खास बात यह है कि इसे केवल भाषण कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रशिक्षण और सीखने का मंच बनाया गया है। यहां लगभग 20 तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बागवानी, ड्रोन तकनीक, मृदा परीक्षण, आधुनिक कृषि उपकरण और बाजार से जुड़ाव जैसे विषयों पर विशेषज्ञ किसानों को जानकारी दे रहे हैं। करीब 4000 किसानों ने इन सत्रों के लिए पंजीकरण कराया है।
पशुपालन-बागवानी से एक एकड़ में दो लाख की कमाई: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन की धरती पर यह आयोजन किसी रैली से ज्यादा ज्ञान और विज्ञान का संगम है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ इंटीग्रेटेड फार्मिंग अपनाने की अपील की। उनके अनुसार, एक एकड़ जमीन पर फसल, पशुपालन और बागवानी को मिलाकर किसान सालाना दो लाख रुपये तक कमा सकता है। उन्होंने बताया कि रायसेन, विदिशा, सीहोर और देवास के लिए विशेष कृषि रोडमैप तैयार किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों को हॉर्टिकल्चर और दलहन हब बनाया जाएगा। किसानों को मछली पालन, पशुपालन के साथ ही फूल-फल, सब्जियों की खेती के साथ ही आयुर्वेदिक जड़ी बुटियों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीकों को लाइव प्रदर्शन
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने प्रदर्शन का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में कॉर्न कटर मशीन, ड्रोन, माइक्रो इरिगेशन सिस्टम, सोलर पंप और पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का लाइव प्रदर्शन किया गया। साथ ही वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे किसानों को एक ही स्थान पर सभी समाधान मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान मृदा/eFARM मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया, जिससे किसान अपनी जमीन की जांच कर सही मात्रा में उर्वरक का उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा, किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव किसानों को नई तकनीक, बेहतर उत्पादन और अधिक आय के अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved