img-fluid

गाजियाबाद पुलिस भर्ती दौड़ में दो अभ्यर्थियों की मौत के बाद 12 की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में इलाज जारी

October 07, 2026

नई दिल्ली ।  गाजियाबाद (Ghaziabad) के गोविंदपुरम (Govindpuram) स्थित पीएसी की 47वीं बटालियन के मैदान में उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) के दौरान दो अभ्यर्थियों की मौत हो गई। पांच और छह अक्टूबर को हुई दौड़ के दौरान दोनों की तबीयत बिगड़ी थी। मंगलवार को भी 12 अभ्यर्थियों को अलग-अलग स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों (Health Issues) के बाद संयुक्त जिला अस्पताल (Joint District Hospital) ले जाया गया। इनमें सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और कमजोरी की शिकायत करने वाले अभ्यर्थी शामिल थे। तीन अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर (Fracture) की भी पुष्टि हुई।

मथुरा जिले के गांव कारब निवासी 26 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र सतीश चंद्र पांच अक्टूबर को सिपाही भर्ती की दौड़ में शामिल हुआ था। दौड़ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान अतुल की मौत हो गई। दूसरी ओर, शामली जिले के गांव पुरमाफी निवासी 23 वर्षीय विवेक कुमार पुत्र बालेंद्र सिंह को मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों अभ्यर्थियों की दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ी थी। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल सकेगा। इस बीच भर्ती दौड़ में शामिल अन्य अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के मामले भी सामने आए हैं।

संयुक्त जिला अस्पताल में मंगलवार को उपचार के लिए लाए गए अभ्यर्थियों में शामली निवासी अंकुर के दाएं पैर में परेशानी थी। मथुरा निवासी योगेश को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत के बाद इलाज दिया गया, जबकि गोविंदपुरम निवासी राहुल ने सामान्य कमजोरी की शिकायत की। भाविक और गौरव को सांस लेने में परेशानी हुई। सूरज को सीने में दर्द के बाद इमरजेंसी में उपचार दिया गया। मथुरा निवासी हेमेंद्र और बंटी को सांस संबंधी परेशानी के चलते भर्ती किया गया।

मथुरा निवासी अंकित को सीने में दर्द की शिकायत के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि सचिन को सांस लेने में परेशानी के कारण इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद कुछ अभ्यर्थियों की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अन्य अभ्यर्थियों का उपचार जारी रहा। इससे पहले सोमवार को भी दौड़ के दौरान चोट लगने और तबीयत बिगड़ने पर कई अभ्यर्थियों को अस्पताल पहुंचाया गया था।

सोमवार को मेरठ निवासी गौरव और मुकीमपुर निवासी कृष्णा के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद दोनों को रेफर किया गया। मेरठ के भासुमा गांव निवासी सौरव भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान लगातार सामने आ रही स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं के बीच परीक्षा का निर्धारित कार्यक्रम जारी है।

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती की दौड़ तीन से नौ अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। तीन, पांच और छह अक्टूबर को पुरुष अभ्यर्थियों की दौड़ हुई। प्रतिदिन करीब 875 अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। सात अक्टूबर को महिला अभ्यर्थियों की दौड़ आयोजित की जानी है, जिसमें करीब 650 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। दौड़ के लिए सुबह पांच बजे से प्रवेश शुरू होता है और प्रक्रिया सुबह नौ बजे तक पूरी हो जाती है।


  • अतुल और विवेक पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने और परिवार की जिम्मेदारियां संभालने की उम्मीद के साथ दौड़ में शामिल हुए थे। दोनों के परिवारों को उनके चयन की उम्मीद थी, लेकिन भर्ती प्रक्रिया के बीच उनकी मौत की खबर पहुंची। इसके बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved