
मालेगांव। महाराष्ट्र के मालेगांव से AIMIM विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश जाकर सपा नेताओं के खिलाफ चुनाव प्रचार करने की बात कही है। कासमी का कहना है कि जब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के दूसरे नेता उन्हें हराने के लिए मालेगांव आ सकते हैं, तो उन्हें भी उत्तर प्रदेश जाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने साफ कहा कि वह यूपी जाकर इकरा हसन के भाई और सपा नेताओं के सामने मंच लगाएंगे। हालांकि, उन्होंने अभी इस बारे में अंतिम फैसला नहीं लिया है।
मुफ्ती इस्माइल कासमी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मालेगांव चुनाव के दौरान अखिलेश यादव खुद उनके खिलाफ प्रचार करने पहुंचे थे। उनके साथ सपा नेता अबू आजमी, इकरा हसन, मोहिबुल्लाह नदवी समेत पार्टी के कई सांसद और नेता भी आए थे। कासमी के मुताबिक, इन नेताओं का मकसद उन्हें उनकी सीट पर हराना था। उन्होंने बताया कि इकरा हसन दो बार मालेगांव आई थीं और मोहिबुल्लाह नदवी भी दो बार यहां पहुंचे थे। इकरा हसन ने तो उनके घर के पास ही मंच लगाकर सभा की थी।
AIMIM विधायक ने आरोप लगाया कि मालेगांव में सपा को हार का सामना करना पड़ा तो उसके नेता कोर्ट चले गए। उन्होंने कहा कि अदालत में भी मुसलमानों से जुड़े मुद्दों को उठाकर विवाद खड़ा किया गया। कासमी के मुताबिक, दुआ, आमीन कहने और मस्जिद के अंदर महिलाओं की सरबराही को लेकर दिए गए उनके बयान को राजनीतिक मुद्दा बनाया गया। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि ऐसे में उनका उत्तर प्रदेश जाकर प्रचार करना स्वाभाविक है।
कासमी ने बताया कि हाल ही में जब वह उत्तर प्रदेश गए थे, तब सपा के कई बड़े नेता उनसे मिले थे। इन नेताओं ने उनसे कहा था कि वह असदुद्दीन ओवैसी को यूपी आने से रोकें। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि ओवैसी को रोकने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह खुद उत्तर प्रदेश आने वाले हैं। कासमी ने बताया कि उन्होंने सपा नेताओं से कहा था, कासमी ने आगे बताया कि इस पर सपा नेताओं ने हाथ जोड़कर उनसे उत्तर प्रदेश नहीं आने की अपील की थी। कासमी ने सवाल उठाया कि जब अखिलेश यादव, अबू आजमी, इकरा हसन और मोहिबुल्लाह नदवी उनके खिलाफ प्रचार करने मालेगांव आ सकते हैं, तो वह उत्तर प्रदेश क्यों नहीं जा सकते? उन्होंने कहा कि उन्हें भी वहां जाकर प्रचार करने का अधिकार है।
मुफ्ती इस्माइल कासमी ने साफ किया कि उत्तर प्रदेश जाने और चुनाव प्रचार करने को लेकर उन्होंने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है। हालांकि, उन्होंने अपनी मंशा जाहिर कर दी है। उन्होंने कहा कि वह आगे के हालात देखकर तय करेंगे कि क्या करना है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सपा के नेता मालेगांव आकर उनके खिलाफ चुनाव प्रचार कर सकते हैं, तो उन्हें भी यूपी में जाकर प्रचार करने से नहीं रोका जाना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved