
नई दिल्ली. राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) के घर इंडिया गठबंधन (INDIA alliance) की बैठक शुरू हो गई है। इसमें संसद (Parliament) में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर चर्चा होगी। इसमें सरकार के संभावित कदम के खिलाफ साझा रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक शनिवार सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित खरगे के 10, राजाजी मार्ग आवास पर हो रही है। इसमें विपक्षी दलों के इंडिया गुट के सभी घटक दलों के फ्लोर लीडर्स शामिल है । इसके अलावा गठबंधन से बाहर के विपक्षी दलों डीएमके, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजद) समेत अन्य दलों को भी आमंत्रित किया गया है। बता दें कि इस बैठक में डीएमके और शरद गुट से कोई नेता भी शामिल नहीं हुआ है।
कांग्रेस ने पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह पर लगाए आरोप
कांग्रेस महासचिव और संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश के लोगों के खिलाफ एक बड़ा जाल बिछाना चाहते हैं। उन्होंने इसे पूरे घटनाक्रम की रणनीति बताया। वेणुगोपाल ने कहा कि इस बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
डीएमके को आमंत्रित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी विपक्षी दलों से संपर्क कर रही है। उन्होंने कहा कि डीएमके हमेशा भारत के संविधान के साथ खड़ी रही है और संविधान से प्रेम करने वाला कोई भी दल ऐसे विभाजनकारी एजेंडे का समर्थन नहीं कर सकता।
डीएमके प्रमुख स्टालिन ने क्या कहा?
तमिलनाडु के पूर्व सीएम व द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा कि लोकसभा में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए। इसे विधेयक का समर्थन ही माना जा रहा है, क्योंकि बिल में समान प्रतिनिधित्व की बात है। इसके बावजूद कांग्रेस ने द्रमुक को इंडिया गठबंधन की बैठक में बुलाया है। वहीं, एनसीपी-शरद के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से मुलाकात के बाद कहा कि पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र
सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज के साथ महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक दोबारा पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved