
नई दिल्ली। अमेरिकी सरकारी योजनाओं (US Government Schemes) में करीब 6 लाख डॉलर यानी लगभग 5 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी (Fraud) के आरोपी मंजीत सिंह बेदी (Manjit Singh Bedi) को भारत (India) में गिरफ्तार (Arrest) कर लिया गया है। वह अमेरिका की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी की सूचना पर 1.5 लाख डॉलर यानी करीब 1.25 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए बेदी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि माना जा रहा है कि बेदी पिछले साल अमेरिका से फरार होकर भारत पहुंच गया था। FBI अब उसे अमेरिका वापस लाने की प्रक्रिया पर काम कर रही है।
पटेल के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले तैयार की गई नई मोस्ट वॉन्टेड सूची के बाद गिरफ्तार होने वाला बेदी पांचवां बड़ा जालसाज है। उनके अनुसार अब तक पकड़े गए आरोपियों पर कुल मिलाकर 2 अरब डॉलर से ज्यादा की धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप है। ये आरोपी गिरफ्तारी से पहले करीब 4000 दिनों तक फरार रहे थे।
किराना स्टोर की आड़ में SNAP कार्ड से खेल
FBI के मुताबिक, मंजीत सिंह बेदी वॉशिंगटन के टैकोमा में एक छोटी किराना दुकान चलाता था। आरोप है कि उसने अमेरिकी सरकार की Supplemental Nutrition Assistance Program (SNAP) योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले कार्ड का गलत इस्तेमाल किया।
बताया गया है कि ग्राहक इन कार्ड के जरिए किराना खरीदने पहुंचते थे। बेदी कथित तौर पर कार्ड से रकम काट लेता था, लेकिन उसके बदले सामान देने के बजाय ग्राहकों को नकद पैसे देता था। इस लेनदेन में वह कुल रकम का करीब आधा हिस्सा अपने पास रख लेता था।
जांच एजेंसी के अनुसार, मार्च 2024 से जून 2025 के बीच इस तरीके से अमेरिकी सरकार को कम से कम 6 लाख डॉलर का नुकसान पहुंचाया गया। बेदी के खिलाफ वायर फ्रॉड और SNAP बेनिफिट्स फ्रॉड समेत आरोप दर्ज किए गए हैं।
CAPTURED: Another FBI Most Wanted Fraudster.
This is the 5th Most Wanted Fraudster captured since the creation of the new list three months ago – and yet another high value target captured overseas. Subjects captured so far have been responsible for a combined over $2 billion… pic.twitter.com/eitoNdmX7L— FBI Director Kash Patel (@FBIDirectorKash) September 5, 2026
कोर्ट ने पासपोर्ट जमा करने को कहा था, फिर भी भाग निकला
मामला सामने आने के बाद अदालत ने उसे तत्काल गिरफ्तार करने के बजाय बिना हिरासत के पेश होने की अनुमति दी थी। साथ ही उसे अपना पासपोर्ट जमा करने और वॉशिंगटन राज्य से बाहर नहीं जाने का निर्देश दिया गया था।
लेकिन आरोप है कि बेदी ने इन शर्तों का पालन नहीं किया। वह गाड़ी से कनाडा की सीमा पार कर गया और वहां से भारत पहुंच गया। इसके बाद अमेरिकी जिला अदालत ने 21 मई को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।
अब अमेरिका वापस लाने की तैयारी
FBI निदेशक काश पटेल ने कहा है कि एजेंसी बेदी को भारत से अमेरिका वापस लाने की प्रक्रिया पर सक्रियता से काम कर रही है। फिलहाल उसकी भारत में गिरफ्तारी को अमेरिकी जांच एजेंसी की नई मोस्ट वॉन्टेड सूची के बाद हुई बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved