img-fluid

बाल दिवस पर अभिभावकों से अपील: रील्स पर उंगलियां फेरने के बजाय बच्चों के सिर पर हाथ फेरिए

November 14, 2026

नई दिल्ली। बच्चों की मुस्कान माता-पिता (Smiling Parents) की सबसे बड़ी खुशी होती है। उनकी छोटी-छोटी बातें और शरारतें (Mischief) दिनभर की थकान मिटा देती हैं। लेकिन बदलते दौर में बच्चों और माता-पिता के बीच तकनीक की बढ़ती दखलंदाजी रिश्तों की गर्माहट को प्रभावित कर रही है। बाल दिवस के अवसर पर यह सोचने की जरूरत है कि कहीं मोबाइल और डिजिटल दुनिया ने हमारी परवरिश के तौर-तरीकों को जरूरत से ज्यादा तो नहीं बदल दिया है।

आज के बच्चे तकनीक और जानकारी के मामले में पिछली पीढ़ियों से काफी आगे हैं। उनका ज्ञान, उनकी सोच और दुनिया को देखने का नजरिया अलग है। लेकिन अक्सर माता-पिता उनकी तुलना अपने बचपन से करने लगते हैं। वे बताते हैं कि उनके समय में बिजली नहीं होती थी, तब भी लालटेन जलाकर पढ़ाई करते थे। सीमित संसाधनों में भी जिंदगी गुजार लेते थे। ऐसी बातें करते हुए वे अपने संघर्षों को बच्चों के सामने रखते हैं और उनसे भी वैसी ही अपेक्षाएं करने लगते हैं।



  • जब बच्चे यह जवाब देते हैं कि आज बिजली की बेहतर व्यवस्था है तो फिर लालटेन जलाकर पढ़ने की जरूरत क्यों हो, माता-पिता नाराज हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि नई पीढ़ी हर बात का जवाब तैयार रखती है और बड़ों की बातों को महत्व नहीं देती। जबकि हकीकत यह है कि हर पीढ़ी को अपने से अगली पीढ़ी कुछ अलग और आगे नजर आती है। हमारे माता-पिता भी कभी हमसे यही शिकायत करते थे।

    आज के बच्चों के पास संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन उनके जीवन में तकनीक का प्रभाव पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। इस बदलाव के लिए काफी हद तक खुद माता-पिता भी जिम्मेदार हैं। कामकाज की व्यस्तता और डिजिटल दुनिया में बढ़ती दिलचस्पी ने परिवार के साथ बिताए जाने वाले समय को कम कर दिया है।

    एक समय था जब बच्चे माता-पिता के घर लौटने का इंतजार करते थे और उनसे समय मांगते थे। अब कई घरों में बच्चे सबसे पहले मोबाइल मांगते हैं। वहीं, जिन बच्चों के हाथ में मोबाइल नहीं है, उनके माता-पिता खुद फोन में व्यस्त दिखाई देते हैं। कई अभिभावकों को इस बात का अहसास भी है कि वे बच्चों को देने वाला कीमती समय मोबाइल और सोशल मीडिया पर खर्च कर रहे हैं। वे इससे दूरी बनाने का संकल्प भी लेते हैं, लेकिन डिजिटल दुनिया का आकर्षण उन्हें बार-बार अपनी ओर खींच लेता है।

    कुछ माता-पिता को चिंता रहती है कि यदि उनके बच्चे मोबाइल और इंटरनेट से दूर रहेंगे तो वे तकनीक के इस दौर में पिछड़ जाएंगे। लेकिन इस चिंता के बीच यह समझना भी जरूरी है कि मोबाइल का इस्तेमाल कब जरूरत से आगे बढ़कर आदत और निर्भरता बन जाता है। रील्स, मनोरंजन और लगातार मिलने वाली सूचनाओं का सिलसिला बच्चों के साथ-साथ बड़ों का समय भी निगल रहा है।

    परवरिश को देना होगा डिजिटल डिटॉक्स

    बाल दिवस केवल बच्चों को शुभकामनाएं देने और उपहार देने का अवसर नहीं है, बल्कि माता-पिता के लिए भी आत्ममंथन का समय है। अभिभावकों को यह तय करना होगा कि बच्चों के साथ भावनात्मक जुड़ाव को कैसे मजबूत किया जाए। इसके लिए डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर उनके साथ बैठना, उनकी बातें सुनना और उनके अनुभवों को समझना जरूरी है।

    बच्चों से केवल पढ़ाई, करियर और अनुशासन की बातें करने के बजाय उनकी भावनाओं, पसंद-नापसंद और निजी अनुभवों पर भी बातचीत होनी चाहिए। परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे के लिए समय निकालना होगा। इसके लिए घर में कुछ समय मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों से पूरी तरह दूर रहने का नियम बनाया जा सकता है।

    बाल दिवस पर माता-पिता यह संकल्प ले सकते हैं कि घर का एक कमरा मोबाइल फ्री होगा और परिवार के सभी सदस्य वहां बिना किसी डिजिटल उपकरण के साथ समय बिताएंगे। वाई-फाई और मोबाइल के इस्तेमाल की भी समय-सीमा तय की जा सकती है।

    आखिर बच्चों को अच्छी परवरिश केवल बेहतर सुविधाएं और तकनीक उपलब्ध कराने से नहीं मिलती, बल्कि उन्हें माता-पिता का समय, स्नेह और अपनापन भी चाहिए। इसलिए रील्स पर उंगलियां फेरने के बजाय बच्चों के सिर पर हाथ फेरिए। यही उनके लिए सबसे अनमोल उपहार हो सकता है।

    Share:

  • कराची बंदरगाह पर सात महीने से फंसे छह भारतीय नाविक, भारत ने पाकिस्तान से मांगी राजनयिक मदद

    Sat Nov 14 , 2026
    नई दिल्ली। पाकिस्तान (Pakistan) के कराची बंदरगाह (karachi port) पर छह भारतीय नाविक (karachi port) पिछले करीब सात महीनों से फंसे हुए हैं। इनमें भारतीय मर्चेंट नेवी (Indian Merchant Navy) के एक चीफ ऑफिसर भी शामिल हैं। नाविकों की स्वदेश वापसी में हो रही देरी और उनके परिजनों की लगातार अपील के बाद भारत सरकार […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved