img-fluid

आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से चुराते थे डीजल, 960 लीटर तेल के साथ छह गिरफ्तार

November 14, 2026

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर (Saharanpur) में रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल (Diesel -generator) चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस (Police) ने पर्दाफाश किया है। नागल थाना पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 960 लीटर चोरी का डीजल, 21 भरी हुई कैन, तीन खाली कैन और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने नागल के अलावा सरसावा क्षेत्र के पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से भी डीजल चोरी करना स्वीकार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को नागल थाना पुलिस रेलवे रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। रेलवे पुल के पास हाईवे की ओर जा रही एक पिकअप को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन में बड़ी संख्या में कैन रखी मिलीं, जिनमें डीजल भरा हुआ था। पुलिस ने वाहन सवार लोगों से डीजल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने पिकअप सवार छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।



  • जांच में पता चला कि आरोपी रेलवे स्टेशनों के आउटर पर कई दिनों तक खड़ी रहने वाली ट्रेनों को निशाना बनाते थे। वे ट्रेनों के जनरेटर से डीजल निकालकर बड़ी-बड़ी कैनों में भर लेते और फिर पिकअप से उसे ले जाकर बेच देते थे। पुलिस ने पिकअप से 40 लीटर क्षमता वाली 21 कैन में 840 लीटर तथा 60 लीटर क्षमता वाली दो कैन में 120 लीटर डीजल बरामद किया। इस प्रकार कुल 960 लीटर डीजल मिला। इसके अलावा तीन खाली कैन भी जब्त की गई हैं।

    पिलखनी स्टेशन पर भी की थी चोरी

    पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले सरसावा थाना क्षेत्र के पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 180 लीटर डीजल चोरी किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी का डीजल अब्दुल्ला नाम के व्यक्ति के माध्यम से बेचते थे और इससे मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब डीजल खरीदने वालों और चोरी के तेल की बिक्री के नेटवर्क का पता लगा रही है।

    सहारनपुर के चार और बिहार के दो आरोपी

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला, जुल्फान, फरमान और दिलनवाज के रूप में हुई है। ये सभी सहारनपुर के निवासी हैं। इनके अलावा जोगिंद्र साहनी बिहार के मधुबनी और अवधेश साहनी मोतिहारी का रहने वाला है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप को भी जब्त कर लिया है।

    सहारनपुर के एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि चेकिंग के दौरान नागल पुलिस ने डीजल से भरी कैनों वाली पिकअप पकड़ी थी। पूछताछ में छह लोगों के गिरोह का खुलासा हुआ, जो आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करता था। आरोपियों ने नागल और सरसावा क्षेत्र में वारदात करना स्वीकार किया है।

    एसपी देहात के अनुसार, पुलिस अब चोरी के डीजल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। बिहार के दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि सहारनपुर और आसपास के जिलों में इस तरह के अन्य गिरोह भी सक्रिय हैं या नहीं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved