देश मध्‍यप्रदेश

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का ऐलान- भोपाल में कांग्रेस बनाएगी डॉ. अम्बेडकर की सबसे बड़ी प्रतिमा

इंदौर। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 132वीं जयंती पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, इंदौर संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी ने सुबह 10:30 बजे महू में डॉ भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी जन्म स्थली महू में आयोजित कार्यक्रम और प्रार्थना सभा में भाग लिया।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के इंदौर संभाग के प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बताया कि इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस द्वारा बाबा साहेब की सबसे ऊंची प्रतिमा भोपाल में स्थापित की जाएगी। कमलनाथ ने कहा कि डॉ.अंबेडकर सच्चे मानवतावाद के प्रतीक थे। मेरे मन में उनकी प्रतिमा बनाने की योजना बहुत पहले से थी। यह हमारा संकल्प है। इस काम में सबका सहयोग लेंगे एक समिति बनाएंगे और इसको लेकर प्रचार करेंगे। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार भी उपस्थित थे।


भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कमलनाथ ने कहा कि अच्छा संविधान गलत हाथों में हो, तो इसके परिणाम विनाशकारी होते है। पूरे प्रदेश में प्रशासन का दुरुपयोग कर भाजपा, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है। इससे निपटने के लिए अब भाजपा को कानूनी रूप से जवाब देना होगा। इसके लिए उन्होंने एक कमेटी बनाई है, जिसकी जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को सौंपी है।

संविधान निर्माता बाबा साहेब की 132वीं जयंती पर कमलनाथ ने दिया संदेश : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन सामाजिक न्याय के संघर्ष का अनुपम उदाहरण है। उनकी जयंती पर सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बनाए संविधान पर मन, वचन और कर्म से चलें। एक बात और याद रखनी चाहिए कि अगर अच्छा संविधान, गलत हाथों में आ जाए, तो उसके गलत परिणाम सामने आते हैं, इसलिए हम सब बाबा साहेब की जयंती पर संकल्प ले कि भारत के संविधान की रक्षा करेंगे और संवैधानिक मूल्यों का पालन करेंगे।

Share:

Next Post

स्मार्टफोन पर पेमेंट ऐप का इस्तेमाल सिर्फ 11.3 प्रतिशत भारतीय महिलाएं करती हैं

Fri Apr 14 , 2023
नई दिल्ली । स्मार्टफोन पर (On Smartphones) भारतीय उपयोगकर्ताओं में (In Indian Users) 50 प्रतिशत की वृद्धि के बावजूद (Despite 50 Percent Increase) केवल 11.3 प्रतिशत (Only 11.3%) भारतीय महिलाएं (Indian Women) भुगतान के लिए (For Payment) स्मार्टफोन (Smartphones) का इस्तेमाल करती हैं (Uses) । शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई […]