
मुंबई। देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां सोशल मीडिया (Social Media) पर साझा किए जाने के मामले में कोलाबा पुलिस (Colaba Police) ने नेवल डॉकयार्ड (Naval Dockyard) में काम करने वाले 21 वर्षीय अप्रेंटिस को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भारतीय नौसेना के ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने यह सामग्री किन लोगों के साथ साझा की और क्या इस मामले में पाकिस्तान से जुड़े किसी नेटवर्क की भूमिका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले बंटी रामप्रकाश मीणा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुंबई पुलिस की सोशल मीडिया डिजिटल लैब को एक इनपुट मिला था। इसमें एक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस
इनपुट मिलने के बाद जांचकर्ताओं ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान अकाउंट से जुड़े व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद 20 नवंबर को बंटी रामप्रकाश मीणा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को संदेह है कि संवेदनशील सामग्री साझा करने के लिए इस्तेमाल किए गए ऑनलाइन अकाउंट का संपर्क पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स से हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस संभावित सीमा पार संबंध की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए 23 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच
पुलिस अब आरोपी के इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप अकाउंट, चैट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है। जांचकर्ताओं का उद्देश्य यह पता लगाना है कि संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो किसके कहने पर साझा किए गए थे और क्या इस कथित सुरक्षा उल्लंघन में अन्य लोग भी शामिल हैं।
इसके लिए आरोपी का मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी फॉरेंसिक जांच के दायरे में लाए जा रहे हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संपर्कों, संदेशों और ऑनलाइन गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved