नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Commissioner Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और संसद मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को इस तरह का कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, अन्यथा उसे भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
‘यह जेन-जी के बच्चे हैं, किसी से नहीं डरते’
केजरीवाल ने दावा किया कि जंतर-मंतर और उसके आसपास इंटरनेट बंद किए जाने तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि प्रदर्शन के दौरान बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि सरकार को इस तरह का दुस्साहस नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले सोचा था कि सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने से धरना समाप्त हो जाएगा, लेकिन इसके बाद आंदोलन और बड़ा हो गया।
केजरीवाल ने संसद मार्च के दौरान कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को डराने और उनमें दहशत पैदा करने की कोशिशों से आंदोलन कमजोर होने के बजाय और व्यापक हो सकता है। उनके मुताबिक, ये जेन-जी के युवा हैं, जो किसी से डरने वाले नहीं हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में अपने पूरे परिवार के साथ जंतर-मंतर पहुंचेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि खुले तौर पर भाजपा को वोट नहीं देने वाले लोगों के मतदाता सूची से नाम काटे जा रहे हैं, जबकि फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं।
केजरीवाल ने लोगों से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि देशभर में लोग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
वहीं, आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि शनिवार को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
दूसरी ओर, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली आने वाली ट्रेन रद्द होने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मुंबई में शुक्रवार को उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिली है, लेकिन इसके बावजूद विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
दीपके ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जेन-जी के युवाओं से डरी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार युवाओं से डरती है, तो उसे पूरा देश ही बंद कर देना चाहिए।
उन्होंने देर रात जारी वीडियो संदेश में कहा कि प्रदर्शनकारी डरने वाले नहीं हैं। दीपके ने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें हिरासत में भी लिया जाता है, तब भी प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन नहीं रुकेगा।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे को लेकर विपक्ष के निशाने पर हैं। इसी विवाद के बीच सीजेपी ने उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन से पहले केजरीवाल के बयान और अभिजीत दीपके की चेतावनी से इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved