img-fluid

अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती में गड़बड़ी की सरकार करा रही जांच

June 10, 2026

कानपुर. अयोध्या (Ayodhya) के राम मंदिर (Ram Mandir) में चढ़ावे की गिनती में कथित गड़बड़ी को लेकर उठे सवालों के बीच भाजपा (BJP) प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) ने साफ कहा है कि मामले की जांच सरकार करा रही है. यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सीधे तौर पर सरकार का नहीं बल्कि मंदिर ट्रस्ट का विषय है, हालांकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित होती है.


  • कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आजतक से विशेष बातचीत में राम मंदिर विवाद, 2027 विधानसभा चुनाव, कांग्रेस-सपा गठबंधन, PDA राजनीति और भाजपा संगठन में अंतर्कलह जैसे तमाम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी.

    राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पहली बार खुलकर बोले
    अयोध्या में राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. हाल के दिनों में मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गिनती को लेकर कुछ सवाल उठे थे, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई थी. इस मामले पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि यह सरकार का नहीं बल्कि ट्रस्ट का विषय है. उन्होंने कहा कि चढ़ावे की गिनती पूरी पारदर्शिता के साथ होती है. उन्होंने कहा, सरकार इसकी जांच करा रही है. रिजर्व बैंक की निगरानी में गिनती होती है और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी में संपन्न कराई जाती है. यदि किसी स्तर पर कोई गड़बड़ी सामने आती है तो जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई निश्चित रूप से होगी.

    2027 का चुनाव योगी के चेहरे पर या संगठन के भरोसे
    उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हो रही है. सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या भाजपा एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगी. इस पर पंकज चौधरी ने भाजपा की परंपरागत लाइन दोहराते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा संगठन और सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव लड़ती है. उन्होंने कहा, योगी आदित्यनाथ हमारे मुख्यमंत्री हैं, मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी हैं. हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन लगातार मिलता रहता है. भाजपा किसी एक व्यक्ति नहीं बल्कि संगठन की ताकत पर चुनाव लड़ती है. 2027 का चुनाव भी सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा.

    कांग्रेस-सपा गठबंधन पर हमला
    पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने चुनाव के दौरान लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया था, लेकिन अब जनता वास्तविकता को समझ चुकी है. उन्होंने कहा, 2024 में लोगों को गुमराह किया गया, लेकिन उसके बाद हुए चुनावों में जनता ने भाजपा के पक्ष में फैसला दिया. कई राज्यों में हमारी जीत हुई है. यहां तक कि उन क्षेत्रों में भी भाजपा को सफलता मिली जिन्हें विपक्ष का मजबूत गढ़ बताया जाता था. उत्तर प्रदेश में भी जनता भाजपा के विकास मॉडल के साथ खड़ी दिखाई देगी.

    PDA की राजनीति पर भाजपा का जवाब
    समाजवादी पार्टी लगातार PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को लेकर भाजपा पर हमला बोलती रही है. इस सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सीधे तौर पर OBC प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि पिछड़े समाज को जितना सम्मान भाजपा ने दिया है, उतना किसी अन्य राजनीतिक दल ने नहीं दिया. पंकज चौधरी ने कहा, मैं स्वयं पिछड़े समाज से आता हूं. यहां क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल से लेकर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक, हर स्तर पर पिछड़े वर्ग को सम्मान और प्रतिनिधित्व मिला है. उन्होंने आगे कहा कि केवल नारे देने से सामाजिक न्याय नहीं होता, बल्कि उसे व्यवहार में उतारना पड़ता है और भाजपा ने यह करके दिखाया है.

    समय से पहले चुनाव की अटकलों पर क्या बोले?
    प्रदेश की राजनीति में समय-समय पर समय से पहले चुनाव होने की चर्चाएं उठती रहती हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है. उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी 365 दिन चुनावी तैयारी करती है. चुनाव पहले हों या निर्धारित समय पर, भाजपा हर परिस्थिति में तैयार है. हालांकि चुनाव कब होंगे, इसका फैसला चुनाव आयोग करता है. इस बयान को भाजपा के आत्मविश्वास के तौर पर देखा जा रहा है, जो लगातार संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन पर जोर दे रही है.

    बीजेपी में अंतर्कलह पर दिया संतुलित जवाब
    जब उनसे पार्टी के भीतर कथित अंतर्कलह को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे बड़े संगठन की सामान्य प्रक्रिया बताया. उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. इतने बड़े संगठन में छोटी-मोटी बातें होना स्वाभाविक है. मेरा प्रयास रहेगा कि कार्यकर्ताओं की पीड़ा सुनूं और उनके समाधान का रास्ता निकालूं. इस जवाब के जरिए उन्होंने साफ संकेत दिया कि संगठन में संवाद और समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी.

    कानपुर-बुंदेलखंड को लेकर बड़ा दावा
    पंकज चौधरी पिछले तीन दिनों से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के छह जिलों में संगठनात्मक बैठकें कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में आगामी रणनीति पर चर्चा की. उन्होंने दावा किया कि 2014 लोकसभा चुनाव और 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस क्षेत्र में जो प्रदर्शन किया था, वैसा ही माहौल एक बार फिर बन रहा है. उन्होंने कहा, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा का मजबूत जनाधार है. संगठन को और मजबूत किया जा रहा है. हमें पूरा विश्वास है कि 2027 में यहां भाजपा का प्रदर्शन फिर उसी स्तर पर दिखाई देगा.

    Share:

  • MP: नामांकन रद्द होने पर मीनाक्षी नटराजन ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- फर्जी बात पेश की

    Wed Jun 10 , 2026
    भोपाल। मंगलवार को मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) से कांग्रेस (Congress) की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन (Rajya Sabha candidate Meenakshi Natarajan) का नामांकन रद्द कर दिया गया. चुनाव अधिकारियों ने पाया कि उनके नामांकन पत्रों के साथ जमा किए गए हलफनामे में एक मामले से जुड़ी जानकारी कथित तौर पर छिपाई गई थी। यह घटनाक्रम तब […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved