देश राजनीति

बंगाल भाजपा में थम नहीं रही है गुटबाजी, अब कार्यकारिणी पर उठा विवाद

कोलकाता। बंगाल भाजपा में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब प्रदेश भाजपा की नवगठित कार्यकारिणी में सदस्यों को न शामिल किये जाने को लेकर विवाद पैदा हो गया है।

नवगठित कार्यकारिणी में भाजपा के कई नेताओं के शामिल नहीं करने की एक शिकायत केंद्रीय नेतृत्व से की गयी है। कार्यकारिणी में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल न करने पर केंद्रीय नेतृत्व ने नाराजगी जतायी है। उम्मीद है कि शीघ्र ही कार्यकारिणी में कुछ और सदस्यों को शामिल किया जा सकता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने दोबारा अध्यक्ष बनने के बाद अपनी नयी कार्यकारिणी के सदस्यों के नामों की घोषणा की थी। कई नेताओं की अनदेखी होने पर पार्टी नेताओं में असंतोष है। इस असंतोष के मद्देनजर कार्यकारिणी की पहली बैठक के बाद बैशाखी बनर्जी, राकेश सिंह, शिशिर बाजौरिया सहित कई नेताओं को शामिल किया गया।

प्रदेश भाजपा के सूत्रों के अनुसार इस मुद्दे पर भाजपा के महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष से बातचीत भी की है। सूत्रों का कहना है कि इस बाबत दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से शिकायत भी की गयी है कि मनमाने ढंग से और बिना विचार-विमर्श के कार्यकारिणी में कुछ नेताओं को शामिल कर लिया गया, जबकि योग्य नेताओं को शामिल नहीं किया गया है।

वरिष्ठ नेता का कहना है कि नवगठित कार्यकारिणी में और भी लगभग तीन दर्जन नेताओं के शामिल किये जाने की संभावना है और नयी सूची शीघ्र ही जारी कर दी जायेगी। इसके पहले प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौमित्र खान द्वारा घोषित जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों की सूची को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था तथा विवाद का अभी तक समाधान नहीं हुआ है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

झुग्गी वासियों की परेशानियों से दिल्ली सरकार का कोई वास्ता नहीं : आदेश गुप्ता

Sat Sep 12 , 2020
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने रेलवे किनारे बसे झुग्गी वासियों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था नहीं करने को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जो स्वयं दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के अध्यक्ष हैं, जिनकी यह जिम्मेदारी है कि समय रहते रेलवे […]