
नई दिल्ली। भोजपुरी स्टार पवन सिंह (Bhojpuri Star Pawan Singh) की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। हरियाणवी अभिनेत्री अंजलि राघव (Haryanvi actress Anjali Raghav) की ओर से पवन सिंह पर एक कार्यक्रम के दौरान गलत तरीके से छूने के मामले की शिकायत पर हरियाणा महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने पवन सिंह को नोटिस जारी कर 2 अप्रैल को फरीदाबाद में आयोग के कार्यालय में पेश होने को कहा है।
2 अप्रैल को बुलाया फरीदाबाद
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। 2 अप्रैल को अंजलि व पवन सिंह दोनों को पूछताछ के लिए फरीदाबाद बुलाया गया है।
लखनऊ के कार्यक्रम में हुआ था बवाल
आयोग को दी गई शिकायत में अंजलि राघव की ओर से बताया गया कि ये मामला अगस्त 2025 का है। उस दौरान अंजलि लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल पहुंची थीं। आरोप है कि स्टेज पर पवन सिंह ने अंजलि को गलत तरीके से छुआ। इसको लेकर वीडियो भी वायरल हुई थी।
मामला शांत हुआ और फिर सुर्खियों में आया
अंजलि राघव ने इसे लेकर विरोध भी जताया था और बाद में दोनों पक्षों में बातचीत के बाद मामला शांत हो गया था। अब फिर से अंजलि ने मामले को लेकर महिला आयोग को शिकायत देकर न्याय की मांग की है। शिकायत में भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर बिना मर्जी छूने और वीडियो वायरल कराने का आरोप लगाया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved