देश राजनीति

Bihar: चिराग की लौ जलेगी या बुझेगी, NDA से लोजपा की बाहर करना चाहता है JDU

पटना। JDU को तीसरे नंबर की पार्टी बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले LJP अध्यक्ष चिराग पासवान की भविष्य की राह आसान नहीं है। नाराज JDU, लोजपा को NDA से बाहर करने पर अड़ा हुआ है। BJP फिलहाल नाराज चल रहे सीएम नीतीश को और नाराज करने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में LJP की केंद्रीय मंत्रिमंडल में भागीदारी के साथ दिवंगत रामविलास पासवान की राज्यसभा सीट पर ग्रहण लगना तय माना जा रहा है।

चिराग ने अपना घर जलाकर जदयू को भाजपा की बी टीम तो बना दिया, मगर अब भाजपा उन्हें उपकृत करने की स्थिति में नहीं है। दिवंगत पासवान की जगह लोजपा को केंद्रीय मंत्रिमंडल में भागीदारी या राज्यसभा की सीट देने से चिराग के भाजपा की शह पर JDU को नुकसान पहुंचाने की चर्चाओं पर मुहर लग जाएगी। लोकसभा चुनाव दूर होने के कारण भाजपा को अभी चिराग की तात्कालिक जरूरत भी नहीं है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, अधिक से अधिक लोजपा को राजग में बनाए रखा जा सकता है। जहां तक कैबिनेट में जगह देने या राज्यसभा सीट देने की बात है, तो इसकी कोई संभावना नहीं है।

नीतीश की नाराजगी की खबरों के बीच भाजपा ने लोजपा से दूरी बनाने का साफ संकेत दिया है। पहले राज्य के प्रभारी महासचिव भूपेंद्र यादव ने लोजपा पर धोखा देने का आरोप लगाया। इसके ठीक बाद डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने LJP पर BJP और JDU दोनों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। मतगणना के दिन भूपेंद्र यादव, सुशील मोदी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जायसवाल सहित कई नेता नीतीश के घर पहुंचे थे। सूत्रों का दावा है कि नीतीश सीएम बनने के लिए तैयार नहीं थे। गृहमंत्री अमित शाह और बाद में पीएम मोदी से बातचीत के बाद ही वह इसके लिए लिए तैयार हुए। नीतीश को पहले की तरह काम करने की आजादी मिलने का आश्वासन दिया गया है।

जदयू को अधिकतर उन्हीं सीटों पर हार मिली है, जहां भाजपा के बागी नेता LJP के टिकट पर चुनाव मैदान में थे। जदयू के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, नतीजे से दो चीजें साबित हो गईं। पहला यह कि JDU का कोर वोट बैंक उसके साथ अब भी खड़ा है। दूसरा यह कि चुनाव में जदयू का कोर वोट बैंक तो भाजपा के साथ गया। मगर खासतौर से उन सीटों पर भाजपा का कोर वोटर लोजपा के साथ चला गया, जहां लोजपा के टिकट पर भाजपा के बागी मैदान में थे। ऐसी दो दर्जन से अधिक सीटें हैं।

सियासी लड़ाई में नीतीश बेशक कमजोर पड़े हैं, मगर उनकी अहमियत में कोई कमी नहीं आई है। इसका कारण जदयू का वोट बैंक है। चुनाव में जदयू को भले महज 43 सीटें मिलीं, मगर पार्टी का वोट प्रतिशत 15.39 है। यह वोट प्रतिशत बीते विधानसभा चुनाव के 16.8 फीसदी से महज 1.41 फीसदी कम, तो 2014 के लोकसभा चुनाव के 15.8 प्रतिशत से आधा प्रतिशत कम है। नतीजे यह भी बताते हैं कि नीतीश अब भी जिस दल के साथ जुड़ेंगे सरकार उसी की बनेगी।

राजग में अब बड़े दल के रूप में सिर्फ जदयू ही बचा है। बड़े दलों में शिवसेना और अकाली दल राजग का साथ छोड़ चुके हैं। लोकसभा में प्रतिनिधित्व रखने वालों में अब जदयू, लोजपा और अपना दल ही राजग में हैं। मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों में भी पासवान के निधन और हरसिमरत कौर-अरविंद सावंत के इस्तीफे के बाद सहयोगियों का प्रतिनिधित्व खत्म है। सहयोगी दलों से बस आरपीआई के रामदास अठावले की ही बतौर राज्यमंत्री प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व है। ऐसे समय में जब भाजपा को पश्चिम बंगाल के बाद उत्तर प्रदेश की सियासी जंग लड़नी है तब पार्टी राजग का अस्तित्व खत्म होने का संदेश नहीं देना चाहेगी।

 

Share:

Next Post

पीएम मोदी आज दो आयुर्वेद संस्थान देश को करेंगे समर्पित

Fri Nov 13 , 2020
नई दिल्ली । राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस (13 नवंबर) के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजस्थान और गुजरात में आयुर्वेद संस्थान का उद्घाटन करेंगे। राजस्थान और गुजरात में आयुर्वेद संस्थान के उद्घाटन का कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए […]