
खगड़िया । बिहार (Bihar) के खगड़िया जिले (Khagaria district) में चलती ट्रेन में बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने यात्रियों में दहशत फैला दी. यहां जन साधारण एक्सप्रेस (Jan Sadharan Express) में सफर कर रहे एक यात्री को गोली मार दी गई. घायल शख्स की पहचान देव कुमार गुंजन के रूप में हुई है, जो सुपौल में तैनात मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) अस्मिता कुमारी के पति हैं.
घटना सहरसा रेलखंड के मानसी और बदला घाट स्टेशन के बीच की है. देव कुमार गुंजन अपनी पत्नी के साथ सुपौल से झारखंड के गोड्डा स्थित अपने घर जा रहे थे. आरोप है कि इस दौरान ट्रेन में बदमाश सामान और कैश लूटने लगे. जब देव कुमार गुंजन ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया और सीने में गोली मार दी.
गोली चलते ही ट्रेन के डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई. यात्री दहशत में आ गए. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस एक्टिव हुई. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
इस घटना को लेकर आरोप है कि बदमाश ट्रेन में लूटपाट कर रहे थे और विरोध करने पर गोली मार दी गई. हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
उधर मानसी जीआरपी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल से पूछताछ की और वारदात से जुड़े तथ्यों को जुटाने की कोशिश की. ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों से भी जानकारी ली जा रही है.
वहीं मानसी GRP थानाध्यक्ष रवि भूषण ने कहा कि ट्रेन में एक यात्री को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना किस वजह से हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है. जख्मी झारखंड के गोड्डा का रहने वाला है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved