
नई दिल्ली। भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (National President Nitin Navin) की नई टीम के गठन के बाद पार्टी संगठन के साथ-साथ सोशल मीडिया (Social Media) पर भी सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है। भाजपा के सोशल मीडिया कन्वीनर दीपक म्हस्के (Deepak Mhaske) की टीम ने पिछले कुछ दिनों में अलग रणनीति के तहत अलग-अलग राज्यों के पार्टी हैंडल्स को एक साथ जोड़कर राजनीतिक संदेश देने का अभियान शुरू किया है।
पिछले तीन दिनों में भाजपा के कई राज्यों के एक्स हैंडल एक-दूसरे के पोस्ट को कोट और रीट्वीट कर रहे हैं। इसके अलावा राज्यों के हैंडल्स के बीच कोलैबोरेशन भी किया जा रहा है। बॉलीवुड-हॉलीवुड फिल्मों के चर्चित दृश्यों, मीम्स और क्रिएटिव वीडियो के जरिए राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष को घेरने की कोशिश हो रही है।
सलमान, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ के वीडियो से शुरुआत
इस डिजिटल अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर भाजपा के एक्स हैंडल से हुई। पार्टी ने सलमान खान, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ का एक वीडियो पोस्ट किया। इसे राजनीतिक रंग देते हुए संजय दत्त को कर्नाटक भाजपा, सलमान खान को जम्मू-कश्मीर भाजपा और जैकी श्रॉफ को गोवा भाजपा के तौर पर पेश किया गया।
पोस्ट में लिखा गया- “तीन भाई, तीनों तबाही ?? The worst nightmare for the Dimagi Naxal ecosystem!”
यह पोस्ट चर्चा में आने के बाद भाजपा की सोशल मीडिया टीम ने अलग-अलग राज्यों के हैंडल्स को इसमें जोड़ना शुरू कर दिया।
MP BJP ने कहा- ‘तीन नहीं, चार भाई’
जम्मू-कश्मीर भाजपा के पोस्ट पर मध्य प्रदेश भाजपा ने कोट ट्वीट करते हुए लिखा- “Hold up… Madhya Pradesh is entering the chat?? तीन भाई? Make it चार, अब तबाही होगी आर-पार!”
इसके बाद दिल्ली भाजपा भी इस डिजिटल अभियान में शामिल हो गई। दिल्ली भाजपा ने अभिनेता पंकज त्रिपाठी के वीडियो के साथ पोस्ट किया- “भूल तो नहीं गए हमें?” इसके बाद दूसरे राज्यों के हैंडल्स से भी इसी तरह के मीम्स और वीडियो पोस्ट होने लगे।
एक पोस्ट की पहुंच कई राज्यों तक
भाजपा के एक सोशल मीडिया अधिकारी के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों के पार्टी हैंडल्स को एक साथ जोड़ने का उद्देश्य कंटेंट की पहुंच बढ़ाना है। एक राज्य का हैंडल दूसरे राज्य के पोस्ट को कोट या टैग करता है तो दोनों राज्यों के फॉलोअर्स तक वह कंटेंट पहुंचता है।
पार्टी का दावा है कि इस रणनीति से ऐसे राजनीतिक संदेशों को भी व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है, जिनका असर एक साथ दो-तीन राज्यों की राजनीति पर पड़ता हो। उदाहरण के तौर पर दिल्ली भाजपा के एक पोस्ट के जरिए पंजाब में आम आदमी पार्टी को घेरने का संदेश देने की कोशिश की गई।
‘दिमागी नक्सल’ शब्द पर बढ़ी राजनीतिक बहस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के इस्तेमाल के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हुई है। भाजपा अब सोशल मीडिया पर इसी शब्द और कथित ‘दिमागी नक्सल’ मानसिकता को लेकर विपक्ष पर हमला कर रही है।
इसके लिए पार्टी बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों के चर्चित सीन को एडिट कर मीम्स और फनी वीडियो तैयार कर रही है। इन पोस्ट्स में राजनीतिक संदेश के साथ व्यंग्य का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
ट्विटर के बाद इंस्टाग्राम पर भी अभियान
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह अभी अभियान की शुरुआत भर है। पार्टी के मुताबिक, तीन दिनों में जिस तरह सोशल मीडिया पर नैरेटिव तैयार हुआ है, उससे आने वाले बड़े अभियान की दिशा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, अब इसी रणनीति को इंस्टाग्राम पर भी आगे बढ़ाने की तैयारी है। पार्टी का मानना है कि एक्स पर राजनीतिक रुचि रखने वाले लोगों की संख्या अधिक है, जबकि इंस्टाग्राम पर क्रिएटिव वीडियो और तस्वीरों के जरिए बड़े वर्ग तक पहुंच बनाई जा सकती है।
इसी रणनीति के संकेत भाजपा के इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट पर जारी टीजर में भी दिए गए हैं, जिसमें “Shall we begin” लिखा गया और देशभर के अलग-अलग राज्यों के भाजपा हैंडल्स को टैग किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में मीम्स, फनी वीडियो और क्रिएटिव पोस्ट के जरिए सोशल मीडिया अभियान और अधिक आक्रामक नजर आ सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved