
इन्दौर । कल रात लसुडिय़ा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद भाजपा के नेताओं ने रात दो बजे तक लसुडिय़ा थाने पर डेरा डाले रखा और आरोपियों पर धारा 307 का प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
आज सुबह पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट और भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा कल रात की घटना में घायलों से मिलने भंडारी अस्पताल पहुंचे। भाजपा के दो कार्यकर्ता कृष्णा मालवीय और महेश जोशी को चोंटें आई हैं, जिसमें जोशी को ज्यादा गंभीर चोंट लगी है। कल रात हमले की जानकारी मिलते ही भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे लसुडिय़ा थाने पहुंच गए। वहां मालूम पड़ा कि घायलों को लेकर एमवाय गए हैं तो वे एमवाय पहुंचे और उनका मेडिकल कराया। इसके बाद फिर भाजपाई लसूडिय़ा थाने पहुंचे और कहा कि आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धारा लगाई जाए। हालांकि पुलिस ने घर में घुसकर हमला करने और जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने की धारा लगाई है। पुलिस ने आश्वस्त किया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा बढ़ा दी जाएगी। उधर हमला करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ता फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के कुछ लोगों को लसूडिय़ा थाने में बिठा रखा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved