भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

नाथ सरकार की नाकामियां उजागर करने अभियान चलाएगी भाजपा

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी चुनाव वाली सभी सीटों पर अभियान चलाकर कमलनाथ सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। मोर्चा द्वारा शुरू किए जाने वाले इस अभियान को लेकर सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रबंधन समिति के संयोजक एवं प्रदेश शासन के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उपचुनाव की तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों से विचार विमर्श किया।
समिति के संयोजक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि कमलनाथ सरकार ने समाज के हर वर्ग के साथ वादाखिलाफी की है। भारतीय जनता पार्टी का युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा कमलनाथ सरकार की विफलताओं को लेकर बूथ स्तर तक पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि सभी मोर्चा चुनाव अभियान के माध्यम से जनता से संवाद करेंगे। चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में 27 विधानसभाओं में शुरू होने वाले घर-घर संपर्क अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसके साथ ही वधानसभाओं में चल रहे सेक्टर सम्मेलनों की समीक्षा की गयी। सेक्टर सम्मेलन के पश्चात विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। बूथ सम्मेलनों की तैयार कार्ययोजना को लेकर समिति सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। सिंह ने बताया कि चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक नेताओं के प्रवास शुरू हो चुके हैं।

25 से शुरू होगा महाजनसंपर्क अभियान
चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि 9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एमपी स्वनिधि योजना के तहत लाभान्वित हुए प्रदेश के 1.15 लाख स्ट्रीट वेंडर (छोटे व्यवसायी) एवं 12 सितंबर को प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद करेंगे। 16 सितंबर को प्रदेश भर में खाद्यान्न पर्ची वितरण का कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि अभी 27 विधानसभाओं में सेक्टर सम्मेलन चल रहे हैं, जो 18 सितंबर तक पूरे हो जाएंगे। 27 विधानसभाओं में शुरू होने वाले महाजनसंपर्क अभियान की तैयारियों को लेकर 19 एवं 20 सितंबर को विधानसभावार बैठकें होंगी। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रदेश भर में मतदान केन्द्र तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 27 विधानसभाओं में 25 सितंबर से महाजनसंपर्क अभियान प्रारंभ होगा, जो 27 सितंबर तक चलेगा। महाजनसंपर्क अभियान में कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे और केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर केन्द्रित पम्पलेट और साहित्य का वितरण करेंगे। हर घर में भारतीय जनता पार्टी का झंडा फहराया जायेगा। 11 अक्टूबर से 27 विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन होंगे।

Share:

Next Post

मोदी के नेतृत्व में वैश्विक महाशक्ति बनेगा भारत: शर्मा

Tue Sep 8 , 2020
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीते 6 वर्षों के कार्यकाल में देश ने विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। देश के वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे अनुसंधान और विकास कार्यों के बल पर देश सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की राह पर बढ़ चला है। देश के हर नागरिक को अब […]