
इंदौर। भाजपा द्वारा तय किए गए आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और स्वदेशी संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार हो गई है। भाजपा द्वारा घर-घर जाकर इस अभियान के स्टीकर लगाए जाएंगे। लोगों को दीपावली के त्योहार पर स्वदेशी सामान ही खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि पार्टी द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार इंदौर में भी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा कार्यालय पर हर दिन अलग-अलग मंडल इकाइयों की बैठक का आयोजन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पार्टी द्वारा हर घर पर जाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने और देश के नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं की ही खरीदी करने के लिए संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही हर घर पर स्टीकर भी लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में हम 1000 स्टीकर देंगे। उसके बाद उस स्टीकर की डिजाइन के आधार पर क्षेत्र के विधायक और पार्षद द्वारा स्टीकर बनवाकर तैयार करवा लिए जाएंगे। यह स्टीकर हर उस घर पर लगाया जाएगा जहां पर पार्टी की टीम जाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को अपनाने का संदेश पहुंचा देगी।
प्रधानमंत्री ने की है अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी देश की जनता से यह अपील की गई है कि इस बार दीपावली के त्योहार के समय पर जो खरीदारी करें उसमें यह ध्यान रखें कि हमें स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी ही करना है। स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी कर हम देश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान दे सकेंगे। मोदी के इस संदेश को भाजपा द्वारा इस अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved