भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

एक माह तक घर-घर पहुंचेगी भाजपा

  • 30 मई से शुरू होगा अभियान, केंद्र में नौ वर्ष पूरे होने पर हर दिन होंगे कार्यक्रम, संगठन के बड़े पदाधिकारी आएंगे

भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सरगर्मी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में अब भाजपा द्वारा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने पर 30 मई से 30 जून तक सभी जिला, मंडल, शक्ति केन्द्र एवं बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही लोकसभा क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर किसान, युवा, अजा और अजजा मोर्चा 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान में जुटेगा। इसको लेकर भाजपा ने चारों मोर्चा की बैठक बुलाई। बैठक को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने चार मोर्चो की संयुक्त बैठक को किया संबोधित किया। भाजपा कार्यकर्ता विशेष जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बताने घर-घर दस्तक देंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं हर वर्ग के लिए है। समाज का ऐसा कोई वर्ग अछूता नहीं है जो गरीब कल्याण की योजनाओं से लाभान्वित न हुआ हो। प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में हिन्दू विरोधी भावनाएं है। जो देश की सर्वमान्य परंपराएं है उन्हें भी कांग्रेस नहीं मानती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत की अस्मिता विरोधी मानसिकता को भी जनता के समक्ष रखें और उन्हें बताएं कि कांग्रेस हमेशा देश की अवमानना करती आयी है। उन्होंने कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान में पार्टी द्वारा तय कार्यक्रमों के साथ ही हर मोर्चा विधानसभा स्तर पर प्रभावी सम्मेलन आयोजित करें।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में 30 लाख नवमतदाता है इन्हें अभियान के दौरान युवा मोर्चा पार्टी की विचारधारा से जोडे और नवमतदाताओं को यह बताएं कि कांग्रेस उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रही है। शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस मुद्दाविहीन है। कांग्रेस भ्रम का वातावरण फैला रही है। कांग्रेस के इस भ्रम का जवाब भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा किया गया विकास, गुड गर्वेंनेंस और गरीब कल्याण की योजनाएं है। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार गरीब, शोषित एवं वंचित के कल्याण के लिए समर्पित है। देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है, वहीं सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित होते हुए हम सब देख रहे हैं। सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नए भारत के सपने को साकार कर रही है। इस अभियान के तहत शहर में भी व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी संपर्क, समाज के विभिन्न वर्ग से संपर्क, वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क जैसे लोकसभा, विधानसभा एवं बूथ स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनके माध्यम से मोदी सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।



1 से 22 जून, 2023 के बीच कार्यक्रम
संपर्क के समर्थन कार्यक्रम होंगे जिसमें प्रभावशाली व्यक्तियों, खिलाडिय़ों, कलाकारों, उद्योगपतियों, शहीदों एवं अन्य गणमान्य परिवारों से संपर्क किया जाएगा। लोकसभा स्तर पर विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी जिसमें राष्ट्रीय पदाधिकारी व केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। लोकसभा स्तर पर पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी जिसमें केन्द्रीय टोली के सदस्य व स्थानीय भाजपा सांसद व विधायक सहित प्रेस वार्ता लेंगे। प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें 25 जून आपात काल दिवस एवं कांग्रेस ने लोकतंत्र को कैसे नष्ट किया इस पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। सोशल मीडिया के प्रमुख इन्फ्लुएंसर के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लोकसभा क्षेत्र के व्यापारी, कारोबारियों को आमंत्रित कर व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। विकास तीर्थ कार्यक्रम होंगे जिसमें राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। विधानसभा व लोकसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन कर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। हर विधानसभा में सभी 7 मोर्चा द्वारा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। लाभार्थी सम्मेलन सभी विधानसभाओं आयोजित किए जाएंगे। सभी विधानसभाओं में 21 जून को योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर केन्द्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वीडियो कॉफ्रेंस पर उद्बोधन व संवाद होगा। 20 से 30 जून तक सभी कार्यकर्ता बूथों पर घर-घर संपर्क कर भाजपा सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। साथ ही आमजन को सरकार की उपलब्धियों के पेम्फलेट्स, कैलेन्डर देकर आमजन से मिस कॉल कराएंगे।

Share:

Next Post

140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक है नया संसद भवन : पीएम नरेंद्र मोदी

Sun May 28 , 2023
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रविवार को कहा कि नया संसद भवन (New Parliament House) 140 करोड़ भारतीयों (140 Crore Indians) की आकांक्षाओं और सपनों (Aspirations and Dreams) का प्रतीक है (Is A Symbol of) । लोकतंत्र का यह मंदिर दुनिया को भारत के संकल्प का संदेश देता है। नए […]