
नई दिल्ली। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट(Hurun India Rich List) 2026 जारी हो चुकी है और इस बार भी बॉलीवुड के सबसे अमीर सितारों को लेकर तस्वीर काफी दिलचस्प है। इस सूची में शाहरुख खान (Shahrukh Khan)लगातार दूसरे साल सबसे अमीर (Indian actor)भारतीय एक्टर बने हुए हैं। उनकी अनुमानित नेट वर्थ 10 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले शाहरुख खान की संपत्ति में 2490 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। साल 2025 में उनकी अनुमानित संपत्ति 12490 करोड़ रुपये थी जो अब घटकर 10 हजार करोड़ रुपये रह गई है।
शाहरुख खान की संपत्ति के आकलन में उनके फिल्म और कारोबारी हितों को भी शामिल किया गया है। इसमें रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स जैसे बिजनेस शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि संपत्ति में कमी आने के बावजूद शाहरुख खान सबसे अमीर भारतीय एक्टर की सूची में अपनी पहली जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं। इसी साल की शुरुआत में जारी हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में भी उनकी संपत्ति का अनुमान करीब 10800 करोड़ रुपये लगाया गया था।
इस सूची में महानायक अमिताभ बच्चन 4 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित नेट वर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अमिताभ बच्चन की संपत्ति पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ी है। 2025 में उनकी अनुमानित संपत्ति करीब 1630 करोड़ रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक अमिताभ बच्चन खुद कोई बड़ा कारोबार सक्रिय रूप से संचालित नहीं करते हैं लेकिन उनके फैमिली ऑफिस के कई कंपनियों और रियल एस्टेट में निवेश हैं। यही निवेश उनकी कुल संपत्ति के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस बार हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में सलमान खान की एंट्री भी खास चर्चा में है। सलमान खान करीब 3 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित नेट वर्थ के साथ बॉलीवुड के अमीर एक्टर्स की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। यह उनकी इस लिस्ट में नई एंट्री है। फिल्मों के अलावा विज्ञापन ब्रांड और अन्य कारोबारी गतिविधियां भी सलमान खान की कमाई के प्रमुख माध्यम रहे हैं।
ऋतिक रोशन 2500 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति पिछले साल के 2160 करोड़ रुपये के अनुमान से बढ़ी है। ऋतिक रोशन के कारोबार और उनके ब्रांड HRX को भी उनकी संपत्ति में योगदान देने वाले प्रमुख हितों में शामिल किया गया है।
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में बॉलीवुड के कुछ पुराने नाम इस बार नजर नहीं आए। जुही चावला और करण जौहर पिछले साल की सूची में शामिल थे लेकिन इस बार उनकी एंट्री नहीं हुई है। 2025 में जुही चावला की अनुमानित नेट वर्थ 7790 करोड़ रुपये और करण जौहर की करीब 1880 करोड़ रुपये बताई गई थी।
वहीं रामायण से जुड़े प्रोडक्शन काम के लिए चर्चा में रहे नमित मल्होत्रा के पिता नरेश मल्होत्रा भी इस साल की सूची में शामिल हैं। उनकी अनुमानित नेट वर्थ 16 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। कुल मिलाकर हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 ने एक बार फिर दिखाया है कि बॉलीवुड सितारों की संपत्ति का दायरा सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि प्रोडक्शन कारोबार ब्रांड निवेश और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों का भी इसमें बड़ा योगदान है। इस बार भारत की रिच लिस्ट में कुल 391 डॉलर बिलियनपति शामिल हुए हैं जो एक नया रिकॉर्ड बताया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved