
मुरैना। ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण के दौरान मुरैना में खुदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन चांदी के पुराने सिक्के मिले हैं। डोंगरपुर लोधा गांव के पास स्थानीय ग्रामीणों और जेसीबी संचालक को खुदाई के दौरान ये सिक्के मिले। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सिक्के एकत्र कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बरामद सिक्कों पर अंग्रेजी में ‘GEORGE V KING EMPEROR’ और वर्ष 1913 लिखा हुआ है। सिक्के के दूसरे हिस्से पर ‘ONE RUPEE INDIA’ अंकित है। पुरातत्व विभाग के जिला अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि बरामद सिक्के का वजन करीब 11.6 ग्राम है और इसमें लगभग 91 प्रतिशत चांदी होने की बात सामने आई है। ये सिक्के ब्रिटिश सम्राट जॉर्ज पंचम के शासनकाल में वर्ष 1911 से 1936 के बीच जारी किए गए थे। उस समय जारी सिक्कों पर ब्रिटिश सम्राट का चित्र उकेरा जाता था। सामान्य तौर पर इन सिक्कों की ढलाई मुंबई और कोलकाता की टकसाल में होती थी। इनका वजन करीब 11.66 ग्राम और व्यास 30.5 मिलीमीटर होता था।
एडीएम अश्वनी रावत ने बताया कि पुलिस को मामले की जांच कर सिक्कों को एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना माता बसैया पुलिस के माध्यम से सिक्के जुटाकर सुरक्षित रखे जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद बरामद सिक्कों को पुरातत्व विभाग के सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खुदाई वाले स्थान से कुल कितने सिक्के मिले हैं।
वर्ष 1913 का एक रुपये का यह सिक्का ऐतिहासिक महत्व रखता है। सिक्के की दूसरी तरफ फूलों की सजावटी माला बनी है, जिसमें गुलाब, थीस्ल, शेमरॉक और कमल की आकृतियां शामिल हैं। जॉर्ज पंचम की श्रृंखला में वर्ष 1911 का ‘पिग रुपया’ सबसे चर्चित और दुर्लभ सिक्कों में माना जाता है। हालांकि किसी पुराने सिक्के की कीमत केवल उसके वर्ष के आधार पर तय नहीं होती। इसकी वास्तविक स्थिति, टकसाल का निशान, दुर्लभता और प्रामाणिकता की जांच के बाद ही सही मूल्य का आकलन किया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved