देश

पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में चलीं गोलियां, खूनी झड़प में एक की मौत, छह घायल


नई दिल्‍ली । पूर्वी दिल्ली (East Delhi) के त्रिलोकपुरी इलाके (Trilokpuri area) में देर रात दो गुटों में हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। दोनों ओर से जमकर पत्थर चले और कई राउंड फायरिंग हुई। दो लड़कों को गोली लगने की बात सामने आई है। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तनाव देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात 10.30 बजे त्रिलोकपुरी 27 ब्लॉक में मन्नान नामक गुट की आसिफ, शाहिद और मोहसिन नामक लड़कों के गुट से नोंकझोंक हो गई। दोनों में पुरानी रंजिश बताई जा रही है। कहासुनी के बाद मन्नान और आसिफ दोनों ही गुट के लड़के वहां जमा हो गए। हाथापाई होने के बाद दोनों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। मौके पर भगदड़ मच गई। इस बीच एक गुट के लड़कों ने अचानक गोलियां चलाना शुरू कर दी।

हमले में शाहिद नामक युवक के सिर में गोली लगी। बाकी भी घायल हो गए। करीब 15-20 मिनट चले बवाल की सूचना मिलते ही पहले मयूर विहार थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा। इसके बाद बाकी थानों की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। घटना स्थल के पास से पुलिस ने कई काे हिरासत में लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के मुताबिक दोनों गुट इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर पहले भी कई बार आपस में झगड़ा कर चुके हैं। इलाके के लोगों ने दोनों के बीच समझौता भी करवा दिया था। सूत्रों का यह भी दावा है कि सट्टे को लेकर दोनों गुट आपस में भिड़ते हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी इन तथ्यों की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी बस रंजिश में बवाल होने की बात कर रही है। मयूर विहार थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच में जुटी है।

Share:

Next Post

देश में पहली बार ट्रांसजेंडर पुलिस बटालियन, मिलेगा 40 हजार ट्रांसजेंडरों को लाभ

Sun Dec 27 , 2020
  पटना। बिहार में सरकार ट्रांसजेंडरों (किन्नरों) के लिए पुलिस बटालियन तैयार करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में अगर यह हुआ तो बिहार देश में शायद पहला ऐसा राज्य होगा, जहां ट्रांसजेंडर(किन्नर) पुलिस बटालियन होगा, क्‍योंकि पटना हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में कहा कि बिहार में चल रही कॉन्स्टेबल भर्ती प्रक्रिया में […]