भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

छाया कोहरा, राजधानी में बढ़ी ठंडक

भोपाल। उत्तर में हो रही बर्फबारी का असर आज राजधानी में देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही शहर में ठंडक बढ़ रही है। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते सोमवार और मंगलवार को घना कोहरा छाया रहेगा। साथ ही तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। पंजाब में बारिश भी हुई है। वर्तमान में हवा का रुख भी उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी हो गया है। इससे रविवार को दिन के तापमान में तेजी से गिरावट हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। ग्वालियर में कोल्ड डे रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार से पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, लेकिन यह शनिवार के अधिकतम तापमान (30.3 डिग्रीसे.) के मुकाबले 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। रविवार को न्यूनतम तापमान 11. 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य रहा। उधर रविवार को ग्वालियर का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम रहा। ग्वालियर में कोल्ड डे घोषित किया गया। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि जम्मू काश्मीर क्षेत्र में दो दिन से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से वहां बर्फबारी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब पर एक प्रेरित चक्रवात भी बन गया था। इससे हवाओं का रुख बदल गया था और मप्र में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढऩे लगे थे। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने से पंजाब पर बना सिस्टम भी समाप्त हो गया है। इससे एक बार फिर हवा का रुख उत्तरी होने लगा है। इससे दिन में वातावरण में सिहरन बढ़ गई है। सोमवार से पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं।

Share:

Next Post

आदिवासी सेवा मंडल का नव वर्ष मिलन समारोह संपन्न

Mon Jan 25 , 2021
भोपाल। आदिवासी सेवा मंडल का नव वर्ष मिलन समारोह एम पी नगर स्थित कार्यालय प्रांगण मे संपन्न हुआ। समारोह में सर्वप्रथम समाज के ईस्ट देव बड़ादेव के पूजन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर मंथन आर्ट एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक मंडल एवं जय सेवा डांस ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। […]