
जबलपुर। नगर निगम के मेधावी विद्यार्थियों के लिए इंदौर की हवाई यात्रा किसी सपने के सच होने से कम नहीं रही। पहली बार हवाई जहाज में सफर, फाइव स्टार होटल में ठहरने और इंदौर के प्रसिद्ध चिडिय़ाघर के भ्रमण जैसे अनुभवों को बच्चों ने महापौर निवास में आयोजित अनुभव संवाद कार्यक्रम में साझा किया। इस दौरान बच्चों ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस यात्रा ने उन्हें जीवनभर याद रहने वाली खुशियां दी हैं। नगर निगम मुख्यालय स्थित महापौर निवास में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने बताया कि हवाई यात्रा का रोमांच उनके लिए सबसे खास रहा। वहीं फाइव स्टार होटल में ठहरने, लजीज व्यंजनों का आनंद लेने और इंदौर के चिडिय़ाघर घूमने का अनुभव भी बेहद यादगार रहा। यात्रा के दौरान बच्चों ने खजराना गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
चार वर्षों से जारी है पहल
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की पहल पर नगर निगम के विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को लगातार चार वर्षों से हवाई यात्रा कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी 27 मेधावी छात्र-छात्राओं को इंदौर की हवाई यात्रा कराई गई। यात्रा के दौरान उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें नए अनुभवों से जोडऩा है।
जनप्रतिनिधी-अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर सहित एमआईसी के अन्य सदस्य, पार्षदगण और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र पांडे और जयदीप मिश्रा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों के अनुभव सुने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved