
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) को दिल्ली की एक रेजिडेंट सोसाइटी (Resident Society) के पार्क में बैठक करना भारी पड़ गया। जंतर-मंतर सीजन 2 (Jantar Mantar Season 2) की प्लानिंग के लिए दीपके अपनी टीम के सदस्य सौरभ दास, आशुतोष रंका और कुछ समर्थकों के साथ पार्क पहुंचे थे। सोसाइटी के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वे बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए और बैठक का विरोध करते हुए सभी को पार्क से जाने के लिए कहा।
सोसाइटी के लोगों ने कहा कि यह रेजिडेंट्स का पार्क है, यहां धरना या प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। लोगों ने कथित तौर पर कहा कि ‘यहां कोई नौटंकी नहीं चलेगी।’ इस दौरान CJP समर्थकों और सोसाइटी के लोगों के बीच बहस भी हुई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई और अभिजीत दीपके को समर्थकों के साथ वहां से जाना पड़ा।
हॉल नहीं मिलने का लगाया आरोप
इससे पहले अभिजीत दीपके ने दावा किया था कि दिल्ली में वॉलंटियर्स के साथ बैठक के लिए उन्हें इनडोर जगह की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर संपर्क किया गया, लेकिन कोई हॉल देने को तैयार नहीं हुआ। दीपके के मुताबिक, कुछ लोगों ने कहा कि ‘ऊपर से दबाव’ है और वे CJP के लोगों को हॉल नहीं दे सकते।
उन्होंने बताया कि काफी प्रयास के बाद एक हॉल मिला और उसकी रसीद भी उनके पास थी। हालांकि, अगले दिन सुबह हॉल उपलब्ध कराने वाले लोगों ने भी बैठक की अनुमति देने से इनकार कर दिया। दीपके ने दावा किया कि उन्हें धमकी दी गई थी कि अगर वहां CJP की बैठक होने दी गई तो उन्हें ‘उल्टा लटका दिया जाएगा।’
BJP पर लगाया डराने-धमकाने का आरोप
दीपके ने आरोप लगाया कि लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन्हें बैठक करने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसके पीछे BJP का हाथ होने का आरोप लगाया।
उनका दावा था कि BJP के लोग लोगों को धमका रहे हैं कि CJP को बैठक के लिए जगह देने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। दीपके ने कहा कि किसी हॉल में इनडोर बैठक आयोजित करने के लिए पुलिस की अनुमति लेना जरूरी नहीं होता। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पार्क में समर्थकों से पूछा- अब किसका इस्तीफा चाहिए?
हॉल नहीं मिलने के बाद दीपके अपनी टीम और समर्थकों के साथ रेजिडेंट सोसाइटी के पार्क में पहुंचे। वहां उन्होंने जंतर-मंतर सीजन 2 की योजना पर चर्चा शुरू की। इसी दौरान उन्होंने समर्थकों से पूछा कि अब किसका इस्तीफा चाहिए। समर्थकों ने जवाब दिया- ‘मोदी का।’
इसी बीच सोसाइटी के लोगों को बैठक की जानकारी मिली और वे पार्क में पहुंच गए। उन्होंने CJP समर्थकों को बैठक करने से रोकते हुए कहा कि पार्क धरना या प्रदर्शन की जगह नहीं है और सभी को तुरंत वहां से जाने को कहा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत हुआ और दीपके अपने समर्थकों के साथ पार्क से चले गए।
‘जंतर-मंतर सीजन 2 जल्द शुरू होगा’
अभिजीत दीपके ने दावा किया था कि जंतर-मंतर सीजन 2 जल्द शुरू होने वाला है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने इस पर कहा कि ‘यह खुद ही सीजन टू है।’ उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारों और अधिकारियों के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। दास के मुताबिक, CJP देशव्यापी ‘लिसनिंग टूर’ शुरू करने जा रही है, जिसके तहत लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी एक अभियान चलाएगी और स्वतंत्रता दिवस से शिक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने माता-पिता और नागरिकों से सरकारी स्कूलों में जाकर सोशल ऑडिट करने, वहां की स्थिति रिकॉर्ड करने और समस्याओं को सामने लाने की अपील की। दास ने कहा कि आज के युवा जिम्मेदारी उठा रहे हैं और जल्द ही वास्तव में एक ‘विकसित भारत’ सामने आएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved