
नई दिल्ली. दिल्ली में जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है. राजधानी दिल्ली के कई रास्तों पर डायवर्जन है और जगह-जगह पुलिस की चेकिंग जारी है. बॉर्डर पर भी सुरक्षा बल तैनात हैं. जंतर-मंतर पर 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है.
दिल्ली में जंतर-मंतर पर सीजेपी को प्रोटेस्ट की अनुमति न मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी यहां पहुंच रहे हैं. सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके भी दिल्ली पहुंच गए हैं. वहीं जंतर-मंतर पर पुलिस का एक्शन जारी है और करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. ध्रुव राठी भी हिरासत में हैं और सीजेपी की लीगल हेड रत्ना को भी पुलिस ने डिटेन किया है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके समेत तीन नेताओं को दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया है. पार्टी के मुताबिक, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को विमान से दिल्ली पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया.
CJP ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे सत्तावादी कदम बताया है. पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने पहले से तय योजना के तहत उसके नेताओं को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व न कर सकें. पार्टी ने इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन बताते हुए अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की है.
CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक दिन पहले अपने बयान में कहा था कि, ‘CJP की ओर से आवेदन 7 अक्टूबर को मिला, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को होना है. यानी आवेदन देने की तय समयसीमा का पालन नहीं हुआ. पुलिस ने पहले हुए प्रदर्शनों में नियमों के कथित उल्लंघन को भी फैसले की वजह बताया है. नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है. पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’
अभिजित दिपके की फ्लाइट में पहुंची पुलिस, आशुतोष रांका और सौरव दास भी हिरासत में
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके की फ्लाइट जैसे ही लैंड हुई. तुरंत ही दिल्ली पुलिस के अफसर फ्लाइट के भीतर ही पहुंच गए. उन्हें देखते ही तीनों सीजेपी नेता समझ गए कि अधिकारी उन्हें डिटेन करने आए हैं. पुलिस और सीजेपी लीडर्स के बीच बातचीत हुई और इसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया.
देश में एक बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश – नितिन नवीन
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्षी इंडिया गठबंधन और CJP पर तीखा हमला बोला है. दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने राहुल गांधी और CJP पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया. नितिन नवीन ने यह भी दावा किया कि ये सब विदेशी ताकतों के इशारे पर किया जा रहा है.
नितिन नवीन ने कहा, ‘आज देश में एक बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है. जिस देश में 140 करोड़ लोग शांति और सद्भाव के साथ रह रहे हैं और मिलकर भारत के विकास में योगदान दे रहे हैं, उस देश को अस्थिर करने के प्रयास हो रहे हैं.’
मंडी हाउस से जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्ते बंद
मंडी हाउस गोल चक्कर पर भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. यहां से जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों और गलियों को बंद कर दिया गया है. केवल उन्हीं लोगों को आगे जाने दिया जा रहा है, जिनके पास वहां जाने का उचित कारण और वैध पहचान पत्र है. फिरोजशाह रोड, बाराखंबा रोड और कनॉट प्लेस तथा जंतर-मंतर की ओर जाने वाले अन्य रास्तों पर भी आवाजाही रोक दी गई है.
कनॉट प्लेस में DCP सचिन शर्मा ने निकाला मार्च, संदिग्ध प्रदर्शनकारी हिरासत में
कनॉट प्लेस इलाके में डीसीपी सचिन शर्मा ने पुलिस बल के साथ मार्च किया. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जुट रहे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है. संदिग्ध प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया जा रहा है.
ITO और मंडी हाउस से सामने आए दृश्यों में पुलिस की सख्त चेकिंग, बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई देखी जा सकती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved