भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

राजधानी में बादल छाए, बारिश के आसार

  • नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, अब 10 के बाद ही आएगी कंपाने वाली ठंड

भोपाल। अफगानिस्तान और उसके आस पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और कर्नाटक से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक बने एक ट्रफ (द्रोणिका लाइन) के कारण मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया है। वातावरण में बड़े पैमाने पर नमी आने से बादल छा गए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज-कल पूरे प्रदेश में अच्छी बरसात होने के आसार हैं। इस दौरान राजधानी और आस पास ओले गिरने की भी आशंका बनी है। मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस कारण हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी रहेगी। 10 जनवरी तक कंपाने वाली ठंड से राहत रहेगी। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्शियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्शियस अधिक है, लेकिन बुधवार के अधिकतम तापमान (29.6 डिग्री सेल्शियस) के मुकाबले 1.5 डिग्री सेल्शियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्रीसे. दर्ज हुआ। यह समान्य से तीन डिग्री सेल्शियस अधिक रहा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण में नमी काफी बढ़ गई है। अफगानिस्तान और कर्नाटक से महाराष्ट्र तक बने सिस्टम के असर से आज से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने के आसार साफ दिखाई दे रहे हैं। विशेषकर भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, सागर संभाग में आज और कल अच्छी बरसात होने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरने की भी आशंका है। सोमवार के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी।

Share:

Next Post

ट्रिब्यूनल से नहीं मिली मंजूरी... अभी पुराने वाहनों में नहीं लगेगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट

Fri Jan 8 , 2021
भोपाल। दिल्ली सहित देश के कुछ राज्यों में हाईसिक्योरिटी नंबर प्लेट पुराने वाहनों में लगाना अनिवार्य कर दिया गया है, लेकिन मप्र में पुराने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगाई जा रहीं। इस कारण सैकड़ों कार मालिक परेशान हैं। परिवहन विभाग का कहना है कि आर्बिट्रल ट्रिब्यूनल में मामला चल रहा है। ट्रिब्यूनल […]