
नागदा। ग्रेसिम स्टाफ कालोनी में हुई लाखों की चोरी का खुलासा जल्द ही हो सकता है। दो दिन पूर्व इंदौर पुलिस ने चोरों के गिरोह को पकड़ा इनके पास से कई दो पहिया वाहन, चाँदी के आभूषण सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। इनसे नागदा की चोरी का सुराग मिला है। धार जिले के कुंडा क्षेत्र से पकड़ाए इन आरोपियों का रिमांड भी इंदौर पुलिस ने लिया है, ताकि अन्य जगह हुई चोरियों से इनके जुड़ाव का पता चल सके। नागदा पुलिस ने शहर में हुई कई चोरियों से इन पकड़ाए चोरों का हाथ है या नहीं इसकी जानकारी के लिए इंदौर पुलिस के संपर्क में है। सूत्रों की माने तो पकड़ाए चोरों द्वारा नागदा क्षेत्र में हुई चोरी में कोई सीधा हाथ नहीं निकला है, परंतु जो जानकारी नागदा पुलिस के हाथ लगी है उससे जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद की जा रही है। नागदा पुलिस जो अब अंधेरे में तीर चला रही थी वह अब पुख्ता जानकारी के आधार पर चोरों को शिकंजे में लेने के करीब पहुँच गई है। जल्द ही शहर में सबसे बड़ी चोरी को अंजाम देने वाले सलाखों के पीछे होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved