
इंदौर। इस बार नवंबर में ठंड सारे रिकार्ड तोड़ रही है। आज सुबह शहर में न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री पर पहुंच गया। इसके साथ ही इंदौर में नवंबर का 50 साल पहले 1975 में दर्ज 7.1 डिग्री का रिकार्ड टूट गया और यह नवंबर पिछले 50 सालों का सबसे ठंडा नवंबर बन गया। साथ ही इंदौर प्रदेश में भी सबसे ठंडा शहर बन गया, वहीं लगातार दूसरे दिन भी शहर में गंभीर शीतलहर का दौर जारी है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापपमान 28.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतमत तापमान 7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 9 डिग्री और परसो की अपेक्षा 0.6 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 11 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक इंदौर में न्यूनतम तापमान के मामले में इससे पहले 1975 में 7.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था, जिसका आज रिकार्ड टूट गया। इससे कम तापमान 6.9 डिग्री 1970 में दर्ज किया गया था। जिस तरह से तापमान में कमी आ रही है, उसे देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि और भी रिकार्ड टूटेंगे।
ठंड हर दिन रिकार्ड तोड़ रही है, लेकिन इंदौरवासियों को एहसास ही नहीं
पिछली दो रातों से इंदौर शहर में ठंड रिकार्ड तोड़ रही है, लेकिन इंदौरवासियों को ठंड का एहसास ही नहीं हो रहा है। दोपहर में अग्निबाण पढऩे के बाद उन्हें पता चलता है कि इंदौर में ठंड वर्षों के रिकार्ड तोड़ रही है। इस खबर की पुष्टि सुबह के अखबारों में भी होती है…कल रात भी पारा 7 डिग्री के करीब पहुंच गया, लेकिन शहर में कहीं भी अलाव जलते नहीं देखा गया। सुबह जरूर ठंड का एहसास होता है, लेकिन दिन चढ़ते ही गर्मी बढऩे लगती है।
पहली बार नवंबर की शुरुआत में इतनी ठंड
भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक अब से पहले जब भी नवंबर में सर्वाधिक ठंड के रिकार्ड बने हैं, वो 25 से 30 नवंबर के बीच बने हैं, लेकिन इतिहास में पहली बार नवंबर की शुरुआत में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर पहुंचा है। ये अपने आपमें एक रिकार्ड है। इससे पहले नवंबर माह में सिर्फ पांच बार तापमान इससे नीचे रहा था। इस तरह से इस साल का नवंबर इंदौर के इतिहास में छठा सबसे ठंडा नवंबर भी बन चुका है। हालांकि नवंबर का सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री के रूप में 25 नवंबर 1938 को दर्ज किया गया था।
16 घंटों में 21 डिग्री गिरा पार, सुबह 6.30 बना रिकार्ड
मौसम विभाग के अनुसार कल दिन का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच दर्ज किया गया था। इसके बाद से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह 5.30 बजे न्यूनतम तापमान 8 डिग्री था, वहीं सबसे कम तापमान 7 डिग्री सुबह करीब 6.30 बजे दर्ज किया गया है। 6.36 बजे सूर्योदय होने के बाद से तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई।
इतिहास के सबसे ठंडे नवंबर
वर्ष दिनांक तापमान
1938 25 नवंबर 5.6
1975 30 नवंबर 6.4
1956 29 नवंबर 6.6
1975 27 नवंबर 6.8
1970 28 नवंबर 6.9
2025 9 नवंबर 7
1975 29 नवंबर 7.1
एक नजर रात के गिरते पारे पर
समय न्यूनतम
रात 8.30 20.6
रात 11.30 12.6
रात 2.30 11
सुबह 5.30 8
सुबह 8.30 18.4
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved