भोपाल । मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही। राजधानी सहित पूरा मध्य प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शनिवार को राजधानी भोपाल समेत 18 जिलों में शीतलहर चली। रविवार सुबह भी राजधानी भोपाल में सर्द हवा चलने से ठिठुरन का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही हवाओं के चलते अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद फरवरी की शुरुआत में एकबार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। हवाओं का रुख बदलने से बादल छाएंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
इन जिलों में शीतलहर
शनिवार को भोपाल के अलावा जबलपुर, सिवनी, दतिया, सतना, सागर, रीवा, नौगांव, खण्डवा, खजुराहो, गुना, ग्वालियर, टीकमगढ़, दमोह, बैतूल, उमरिया, राजगढ़, रतलाम में शीतलहर चली। प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार रात का तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 1.6 डिग्री और नौगांव में 2 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी तक ठंड कम नहीं होगी, 3 फरवरी से मौसम में कुछ राहत मिलेगी। उत्तरी हवाओं के चलते अगले कुछ दिन बारिश होने के भी आसार है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved